रांची: मई महीने के शुरुआती दिनों में मौसम की मेहरबानी और हल्की राहत के बाद अब झारखंड में गर्मी ने फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. भारत मौसम केंद्र, रांची की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में झारखंड के अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया. 21 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिम भाग को छोड़कर अन्य इलाकों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवा चलने की संभावना है.
चाईबासा, जमशेदपुर, बोकारो में हाल बेहाल
सबसे ज्यादा गर्मी डालटनगंज में रिकॉर्ड की गई. यहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. इसके अलावा चाईबासा में 42 डिग्री, जमशेदपुर में 41.8 डिग्री और बोकारो थर्मल में 41.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. राजधानी रांची में भी पारा 38.5 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे लोगों को उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा.

कई जिलों में सामान्य से ज्यादा तापमान
मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया. चाईबासा में सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा तापमान रिकॉर्ड हुआ. जबकि जमशेदपुर में 3.3 डिग्री और डालटनगंज में 2.5 डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया. इससे साफ है कि राज्य में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है.
प्रचंड गर्मी से आम जनजीवन प्रभावित
ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन के आंकड़ों में भी कई जिलों में तेज गर्मी देखने को मिली. सरायकेला में 41.1 डिग्री, जगन्नाथपुर में 40.9 डिग्री और बहरागोड़ा में 40.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. खूंटी और सिमडेगा में भी तापमान करीब 39 डिग्री तक पहुंच गया. इन इलाकों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर दिखे.

कुछ इलाकों में बारिश से हल्की राहत
हालांकि कुछ इलाकों में हल्की राहत भी दर्ज की गई. कोडरमा में तापमान में 6.3 डिग्री की गिरावट आई और अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं धनबाद, जामताड़ा और आसपास के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश रिकॉर्ड हुई, लेकिन इसका असर व्यापक रूप से गर्मी कम करने में नहीं दिखा.
सावधानी के साथ घर से बाहर निकलने की सलाह
रिपोर्ट के मुताबिक राज्य का न्यूनतम तापमान नामकुम में 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा. मौसम केंद्र का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक झारखंड के उत्तर-पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में गर्मी का असर बना रह सकता है. दोपहर के समय लू जैसे हालात बनने की आशंका है, इसलिए लोगों को धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है.


