राम चरण और जाह्नवी कपूर ने आज, 18 मई को मुंबई में मीडिया और फैंस की मौजूदगी में ‘पेद्दी’ का ट्रेलर लॉन्च किया. ट्रेलर को समीक्षकों और फैंस से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है. इस दौरान पेद्दी टीम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होस्ट की. इस दौरान राम चरण ने इस फिल्म करने के लिए जिस सुपरस्टार ने उन्हें प्रेरित किया है, उनका उन्होंने दिल से शुक्रियाअदा किया है.
राम चरण ने अपनी आने वाली स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म ‘पेद्दी’ में एक पहलवान की भूमिका निभा रहे हैं. इस फिल्म के लिए खुद को एक मजबूत और गठीले शरीर वाले योद्धा में ट्रांसफॉर्म किया है, जैसा कि हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर में देखा गया है. ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान, राम चरण ने इस भूमिका के पीछे की कड़ी मेहनत, दर्द और भावनाओं के बारे में खुलकर बात की.
राम चरण ने सलमान खान और आमिर खान को ‘सुल्तान’ और ‘दंगल’ जैसी फिल्मों के जरिए शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्मों के लिए रास्ता बनाने का श्रेय दिया. अपने रोल को बेहद चुनौतीपूर्ण बताते हुए, एक्टर ने बताया कि तैयारी के दौरान उन्हें कई चोटें लगीं.
उन्होंने फिल्म निर्माताओं में यह भरोसा जगाया कि ऐसी फिल्मों को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिलता है. उन्होंने आगे कहा, ‘सुल्तान और दंगल की तरह, इसने हमें भी आत्मविश्वास दिया. हमारा मानना है कि इस तरह की फिल्में पहले भी सफल रही हैं, और जाहिर है, हम भी उसी श्रेणी में आते हैं.’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, ‘शारीरिक तौर पर, यह बहुत चुनौतीपूर्ण था. सबसे पहले, सलमान सर और आमिर सर का शुक्रिया, जिन्होंने हमें मौका दिया और सुल्तान और दंगल जैसी फिल्मों के लिए रास्ता बनाया. इससे हमें बहुत ज्यादा आत्मविश्वास मिला. इस सफर की शुरुआत करने के लिए उन दोनों का शुक्रिया, और हमारा मानना है कि इस तरह की फिल्में पहले भी सफल रही हैं, और हमने भी उसी रास्ते को अपनाया.
एक्टर ने बताया कि रोल की तैयारी और एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान उन्हें कई चोटें लगीं. उन्होंने कहा, ‘यह शारीरिक तौर पर बहुत चुनौतीपूर्ण है. मुझे नहीं पता कि आमिर सर और सलमान सर ने यह कैसे किया. मुझे बहुत चोटें लगी हैं.’
मुख्य भूमिका में राम चरण के अलावा, इस फिल्म में जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी अहम किरदारों में नजर आएंगे. ‘पेद्दी’ राम चरण की 16वीं फीचर फिल्म है, जिसे वेंकट सतीश किलारू ने वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले, मैथ्री मूवी मेकर्स के सहयोग से प्रोड्यूस किया है. यह फिल्म 4 जून को बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने उतरेगी.


