रामगढ़:जिले में अपराध नियंत्रण, अड्डेबाजी रोकने, महिलाओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रामगढ़ के एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने गुरुवार को ‘प्रहरी’ नामक पहल की शुरुआत की. इस अभियान के तहत पूरे जिले में नियमित पैदल गश्ती, अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष कार्रवाई और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा.
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों संग किया पैदल मार्च
इस मौके पर एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने रामगढ़ शहर के प्रमुख इलाकों में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ पैदल मार्च किया. थाना चौक, सुभाष चौक, मेन रोड, बाजार क्षेत्र और अन्य संवेदनशील स्थलों से गुजरते हुए उन्होंने आम लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों से संवाद किया और पुलिस की मौजूदगी को और प्रभावी बनाने का संदेश दिया.
प्रहरी पहली का उद्देश्य
एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि ‘प्रहरी’ पहल का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना, पुलिस की दृश्यता बढ़ाना, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाना, सड़क किनारे अवैध पार्किंग हटाना और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाना है. इस अभियान के तीन प्रमुख भाग होंगे पैदल गश्ती, अड्डेबाजी के विरुद्ध अभियान और एंटी क्राइम चेकिंग.

संवेदनशील मार्ग चिन्हित
जिले में अब तक पैदल गश्ती के लिए 76 संवेदनशील मार्गों का चयन किया गया है. सभी थाना और ओपी प्रभारी सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्धारित मार्गों पर पैदल गश्ती करेंगे. इसके अलावा जिलेभर में 114 अड्डेबाजी स्थलों को चिन्हित किया गया है, जहां नशाखोरी, असामाजिक गतिविधियों और अपराध की आशंका को देखते हुए लगातार छापेमारी की जाएगी.
69 स्थलों पर तीन बार एंटी क्राइम चेकिंग
यातायात नियमों के पालन और अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले में 69 स्थलों पर प्रतिदिन कम से कम तीन बार एंटी क्राइम चेकिंग की जाएगी. इस दौरान रैश ड्राइविंग, संदिग्ध वाहनों और अपराधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी. पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयास से ही रामगढ़ को सुरक्षित, व्यवस्थित और अपराधमुक्त बनाया जा सकता है.

पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ पैदल मार्च करते रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत. (फोटो-ईटीवी भारत)
रामगढ़ पुलिस ने आम जनता से इस अभियान में सहयोग की अपील की है. अड्डेबाजी या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस के व्हाट्सएप नंबर 9262998529 पर दी जा सकती है.


