Friday, May 15, 2026

झारखंड बीजेपी किसानों के मुद्दे को लेकर धरना देगी.

Share

रांची: किसान के मुद्दे पर झारखंड बीजेपी ने 15 मई से 20 मई तक राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में धरना देने का निर्णय लिया है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है. इस राज्यस्तरीय धरना के माध्यम से बीजेपी, राज्य सरकार द्वारा किसानों से की गई वादाखिलाफी समेत उनसे जुड़े दूसरे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी.

चुनाव वक्त किए थे बड़े- बड़े वादे: आदित्य साहू

इस आंदोलन की घोषणा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि महागठबंधन सरकार ने चुनाव पूर्व किसानों को लेकर कई बड़े बड़े वादे किए थे, उन वादों को पूरा करने में हेमंत सरकार नाकाम साबित हुई है. झामुमो और कांग्रेस ने अलग अलग जारी अपने घोषणा पत्र में किसानों को 3200 रुपए प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य देने, वन उत्पादों के MSP में 50% तक की बढ़ोतरी करने, कृषि कार्य के लिए फ्री बिजली देने, किफायती दर पर खाद बीज, कृषि उपकरण देने सहित कई वादे किए लेकिन सरकार बनते ही यह उन्हें भूल गई.

झारखंड में खाद की कालाबाजारी- बीजेपी

आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि किफायती दर पर खाद देने की बात तो दूर उल्टे उसकी कालाबाजारी हो रही है. 266 वाली यूरिया की बोरी 550 से लेकर 800 रुपए तक बेची जा रही है और तो और झारखंड में नमक की भी कालाबाजारी हो रही है.

पीएम फसल बीमा योजना में अवरोध पैदा किया: आदित्य साहू

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने अपने आरोप में कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को हेमंत सरकार ने बंद कर दिया. साथ ही पीएम फसल बीमा योजना में भी अवरोध पैदा किया है. वर्तमान हेमंत सरकार पूरी तरह किसान और गरीब विरोधी है. इस आंदोलन के माध्यम से सरकार का चेहरा पूरी तरह बेनकाब किया जाएगा.

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के लिए किसानों को मिले मुआवजा: आदित्य साहू

आदित्य साहू ने कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि की वजह से रांची सहित कई जिलों के किसानों के लिए परेशानी बढ़ गई है. इससे किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है. खासकर तरबूज, खीरा, ककड़ी और सब्जियों को भारी नुकसान होने की सूचना प्राप्त हो रही है.

ओलावृष्टि से टूटी किसानों की कमर

किसानों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, कुछ किसानों ने तो कई कई एकड़ खेतों में फसल लगाई थी, इसके नष्ट होने से उनकी कमर ही टूट गई है. राज्य सरकार को तत्काल अपने स्तर से इसका सर्वेक्षण कराकर किसानों को हुए इस नुकसान का सही सही आकलन कर उन्हें उचित मुआवजा भुगतान करने की दिशा में तत्काल पहल करनी चाहिए.

किसानों को मिले जल्द मुआवजा

बीजेपी नेता ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में कई किसान कर्ज लेकर, गहने उधार रखकर भी फसल लगाते हैं, उन्हें उम्मीद होती है कि उन्होंने इतनी मेहनत की है तो उनके खेतों में अच्छी पैदावार होगी ही. वे इस फसल को बेचकर लिए हुए कर्ज भी वापस कर देंगे और उन्हें कुछ मुनाफा भी हो जाएगा लेकिन ओला वृष्टि ने केवल उनकी फसलों को ही नहीं बल्कि उनकी उम्मीदों को रौंद डाला है. इसलिए राज्य सरकार को इस मामले की गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए ताकि किसानों को राहत मिल सके.

बेघर लोगों की सुध ले राज्य सरकार

आखिर में आदित्य साहू ने कहा कि कई जगहों पर गरीबों के घर भी क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आ रही है. अभी तो बेमौसम बारिश हो रही है, जल्द ही मानसून भी दस्तक देगा इसलिए बेघर लोगों की सुध लेनी चाहिए नहीं तो पीड़ित परिवार को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ेगा. इन्हें भी सरकार अपने स्तर से राहत मुहैया कराए.

Read more

Local News