मशहूर कन्नड़ अभिनेता, निर्देशक और निर्माता दिलीप राज का दिल का हार्ट अटैक आने से निधन हो गया है. वे 47 वर्ष के थे. दिलीप राज की असामयिक मृत्यु से उनके फैंस और फिल्म जगत को गहरा सदमा लगा है. करुनाडु में उन्हें एक बहुमुखी प्रतिभा के तौर पर पहचाना जाता था. उन्होंने न केवल टेलीविजन पर, बल्कि बड़े पर्दे पर भी काम किया था.
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दिलीप राज का बुधवार सुबह निधन हो गया. बताया जा रहा है कि उन्हें अपने घर पर ही हार्ट अटैक आया था. परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता ने घर पर रहते हुए बेचैनी की शिकायत की थी.
बताया जा रहा है कि अभिनेता को तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, इलाज का उन पर कोई असर नहीं हुआ और रास्ते में ही उनका निधन हो गया. उनके अचानक हुए निधन से कन्नड़ फिल्म और टेलीविजन जगत सदमे में है.
कांतारा एक्टर ऋषभ शेट्टी ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर अभिनेता को याद किया. उन्होंने लिखा, ‘एक अच्छे अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और सबसे बढ़कर, एक अच्छे इंसान. भले ही हमारी मुलाकात बहुत कम बार हुई हो, लेकिन आपकी शख्सियत की छाप मेरे दिल में हमेशा के लिए बस गई है और कभी नहीं मिटेगी. आपकी आत्मा को शांति मिले. रेस्ट इन पीस दिलीप राज.’
कन्नड़ सुपरस्टार शिवराजकुमार ने भी दिलीप के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दिलीप राज का एक फोटो शेयर किया है, जिसके कैप्शन में उन्होंने ‘हार्दिक श्रद्धांजलि दिलीप राज’ लिखा है.
दिलीप राज कन्नड़ दर्शकों के बीच पुनीत राजकुमार अभिनीत फिल्म ‘मिलना’ में अपनी यादगार भूमिका के लिए काफी मशहूर थे.यह फिल्म उनके करियर का एक अहम मोड़ साबित हुई और इसकी बदौलत उन्हें पूरे कर्नाटक में पहचान मिली. इसके अलावा, वह ‘यू-टर्न’ और ‘बॉयफ्रेंड’ जैसी फिल्मों में भी नजर आए.
दिलीप ने फ़िल्मों, सीरियल्स, थिएटर, प्रोडक्शन और डबिंग के जरिए कन्नड़ सिनेमा और टेलीविजन की दुनिया में अपनी एक मजबूत जगह बनाई. पर्दे पर उनकी शुरुआती प्रस्तुतियों में टेलीफ़िल्म ‘कंबाडा माने’ और सीरियल ‘जननी’ शामिल हैं, जिनमें उन्होंने अभिनेत्री भारती विष्णुवर्धन के साथ अभिनय किया था. बाद में, वह कई मशहूर कन्नड़ सीरियल्स में नजर आए, जिनमें ‘अर्ध सत्य’, ‘रंगोली’, ‘मांगल्य’, ‘मालेबिल्लू’, ‘प्रीतिगागी’ और ‘रथसप्तमी’ शामिल हैं.


