Wednesday, May 13, 2026

रेलवे ने रांची और टाटानगर से दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है.

Share

रांची: यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने रांची और टाटानगर से दिल्ली के लिए जनजाति दिवस स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है. रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यात्रियों की सुविधा के लिए रांची-Delhi-रांची तथा टाटानगर-आनंद विहार टर्मिनल-टाटानगर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा. वहीं दूसरी ओर विकास कार्यों और रोलिंग ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया गया है.

कब खुलेगी जनजाति दिवस स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 08639 रांची-दिल्ली जनजाति दिवस स्पेशल 23 मई 2026, शनिवार को रांची से खुलेगी. यह ट्रेन केवल एक ट्रिप के लिए चलाई जाएगी. ट्रेन रांची से सुबह 3:30 बजे प्रस्थान करेगी और लोहरदगा, टोरी, डालटनगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और गोविंदपुरी होते हुए अगले दिन दिल्ली पहुंचेगी.

वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 08640 दिल्ली-रांची जनजाति दिवस स्पेशल 25 मई 2026, सोमवार को दिल्ली से खुलेगी और उसी रूट से होकर रांची पहुंचेगी. इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसएलआरडी और स्लीपर कोच शामिल हैं.

इसी तरह ट्रेन संख्या 08183 टाटानगर-आनंद विहार टर्मिनल जनजाति दिवस स्पेशल 23 मई को टाटानगर से रवाना होगी. यह ट्रेन मुरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो, गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर होते हुए आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 08184 आनंद विहार टर्मिनल-टाटानगर स्पेशल 25 मई को चलेगी.

ट्रेन में कितने कोच होंगे

रेलवे ने बताया कि इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें सामान्य श्रेणी, स्लीपर और एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे. दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल प्रबंधक ने कहा कि गर्मी के मौसम और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को कन्फर्म टिकट और यात्रा में सहूलियत मिल सके.

कई ट्रेनें रद्द कर दी गई

इधर, रांची मंडल के अंतर्गत विकास कार्यों के लिए लिए गए नियोजित ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द करने का भी निर्णय लिया गया है. रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 58663/58664 हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर और ट्रेन संख्या 58665/58666 हटिया-सांकी-हटिया पैसेंजर 11 जून 2026 तक रद्द रहेंगी.

इसके अलावा दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में विकास कार्य के कारण ट्रेन संख्या 18036 हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस, जिसे पहले निर्धारित तिथियों पर विलंब से चलाने की सूचना दी गई थी, अब 13 मई और 16 मई 2026 को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और समय सारिणी की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें.

Read more

Local News