Tuesday, May 12, 2026

वर्ष 2026 में अग्निवीर भर्ती के लिए परीक्षा की तिथि घोषणा कर दी गयी है, इससे झारखंड के छात्रों में उत्साह है.

Share

रांची: अग्निवीर भर्ती वर्ष 2026 के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) की तिथियों की घोषणा कर दी गई है. सेना भर्ती कार्यालय रांची की ओर से जारी सूचना के अनुसार यह परीक्षा 1 जून 2026 से 15 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जिन्होंने अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की है.

सेना भर्ती कार्यालय ने बताया कि सभी पात्र अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जल्द ही भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army पर अपलोड किए जाएंगे. अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करने और एडमिट कार्ड जारी होते ही डाउनलोड करने की सलाह दी गई है. परीक्षा का आयोजन एडमिट कार्ड में अंकित तिथि, समय और परीक्षा केंद्र के अनुसार किया जाएगा.

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को कुछ जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाना अनिवार्य होगा. इनमें प्रिंटेड एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और एडमिट कार्ड में उल्लिखित अन्य आवश्यक दस्तावेज शामिल हैं. पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस मान्य होंगे.

अभ्यर्थियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और रिपोर्टिंग समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो. सेना भर्ती कार्यालय ने कहा है कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा.

इधर, सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को दलालों और फर्जी एजेंटों से सतर्क रहने की चेतावनी भी दी है. जारी सूचना में कहा गया है कि भारतीय सेना में चयन पूरी तरह मेरिट आधारित और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाता है. किसी भी व्यक्ति के बहकावे में आने से बचने और केवल आधिकारिक वेबसाइट तथा अधिकृत सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की गई है.

किसी भी प्रकार की जानकारी, समस्या या सहायता के लिए अभ्यर्थी Army Recruiting Office, Ranchi से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा JIA पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत या प्रश्न दर्ज करा सकते हैं. जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अफवाहों से दूर रहने और आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करने की अपील की है.

अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया युवाओं के लिए भारतीय सेना में सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है. सभी अभ्यर्थी समय पर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करें, परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार के दलाल या फर्जी एजेंट के बहकावे में न आएं. भारतीय सेना की चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं मेरिट आधारित है, किसी भी तरह की शिकायत के लिए सेना भर्ती कार्यालय के साथ-साथ रांची जिला प्रशासन को भी सूचित करें.

Read more

Local News