लंबे समय से विवाद, राजनीतिक बहस और रिलीज में आई रुकावटों के बाद निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ अब पश्चिम बंगाल के सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी. फिल्म के प्रदर्शन को लेकर पहले से ही काफी चर्चा रही है, लेकिन फिल्म के एक्टर सौरव दास के लिए यह पल बेहद खास और भावुक करने वाला है.
फिल्म में ‘गोपाल पाठा’ का किरदार निभाने वाले सौरव दास ने ईटीवी भारत से बातचीत में कहा कि अब जाकर उन्हें अपने ही राज्य के दर्शकों को अपना अभिनय दिखाने का मौका मिलेगा. फिल्म पिछले साल देशभर में रिलीज हुई थी, लेकिन पश्चिम बंगाल के सिनेमाघरों में इसे नहीं दिखाया गया था. अब कोलकाता में फिल्म के प्रदर्शन और पूरे बंगाल में इसे अधिक सिनेमाघरों तक पहुंचाने की तैयारी के बीच सौरव ने कहा कि उनकी एक ‘अधूरी कमी’ अब पूरी हो रही है.
सौरव दास ने कहा, ‘आखिरकार, यह फिल्म मेरे राज्य में रिलीज हो रही है, इसलिए बहुत अच्छा लग रहा है. पूरी टीम लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रही थी दूसरे राज्यों के लोगों ने मेरा काम देखा, लेकिन मेरे शहर के लोग इसे नहीं देख पाए थे. वह अधूरापन बना हुआ था.’
उन्होंने बताया कि उनकी मां ने यह फिल्म टाटानगर में देखी थी और उन्होंने खुद मुंबई में फिल्म देखी थी, लेकिन कोलकाता में उनके करीबी लोग अब तक उनका अभिनय नहीं देख पाए थे. इसी वजह से यह रिलीज उनके लिए बेहद भावनात्मक बन गया है.
एक्टर ने कहा, ‘अब मेरे अपने लोग अपने शहर में यह फिल्म देख पाएंगे. कुछ लोगों ने मुझे मोंटू पायलट और गुटी मल्लार जैसे धारावाहिकों से पहचानना शुरू किया. यदि उन्हें उन कामों में मेरा अभिनय पसंद आया, तो उम्मीद है कि इस किरदार में मुझे देखकर वे और खुश होंगे.’
सौरव दास ने फिल्म के प्रदर्शन से जुड़ा एक खास अनुभव भी साझा किया. उन्होंने कहा, ‘सिनेमा हॉल में फिल्म देखने के बाद अनुपम खेर सर ने खुद मुझे फोन किया.’ उन्होंने बताया कि उनके अभिनय को काफी सराहना मिली.
द बंगाल फाइल्स का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया है. फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, पल्लवी जोशी, प्रियांशु चटर्जी, मोहन कपूर के साथ बंगाली कलाकार शाश्वत चटर्जी, दिव्येंदु भट्टाचार्य और सौरव दास भी अहम किरदार में नजर आएंगे.


