तेलुगू एक्टर विजय देवरकोंडा शनिवार (9 मई) को अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं. वह इस खास दिन को अपने परिवार के साथ रहकर मना रहे हैं. इस खास मौके पर हैदराबाद के पॉश जुबली हिल्स इलाके में उनके करोड़ों रुपये के आलीशान घर के बाहर सैकड़ों फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए जमा हुए. विजय ने अपने घर से बाहर आए और फैंस से मिले. इस मिलाप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में, विजय अपने ‘रणबाली’ लुक में और अपनी मूंछों को ताव देते हुए नजर आए. वे एक कैज़ुअल ऑरेंज टी-शर्ट पहनकर अपने घर के बाहर जमा हुए फैंस से मिलने के लिए बाहर निकले. उनके बगल में उनकी पत्नी रश्मिका मंदाना और उनकी मां माधवी देवरकोंडा खड़ी थीं.
जब उन्होंने देखा कि फैंस से विजय को कितना ज्यादा प्यार मिल रहा है, तो फूले नहीं समाईं. एक्टर ने भीड़ का गर्मजोशी से शुक्रिया अदा किया और उनकी शुभकामनाओं और समर्थन के लिए अपना आभार व्यक्त किया. इस दौरान विजय को फैंस से बातचीत करते हुए देखा गया. इस खूबसूरत पल को रश्मिका अपने कैमरे में कैद करती हुई दिखी. वह फैंस के साथ चीयरअप भी करती नजर आई.
विजय अपने हैदराबाद स्थित घर से बाहर निकले और अपने फैंस के साथ मिलकर एक बड़ा सा तीन-मंजिला केक काटा. इस जश्न के दौरान उन्होंने खुशी-खुशी भीड़ से बातचीत की, जिससे उनके घर के बाहर जमा लोगों के लिए यह खास मौका और भी यादगार बन गया
खबरों के मुताबिक, रश्मिका और विजय ने अपनी फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के सेट पर मिले थे.कुछ ही समय बाद, 2018 के आस-पास एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया था. विजय ने 26 फरवरी को उदयपुर के आईटीसी मोमेंटोस में अपने करीबी दोस्तों और परिवार की मौजूदगी में, एक निजी और सपनों जैसी सेरेमनी में रश्मिका से शादी की. उन्होंने 4 मार्च को हैदराबाद के ताज कृष्णा होटल में एक शानदार वेडिंग रिसेप्शन भी आयोजित किया.


