रांची: राजधानी के शहरी विकास, आधारभूत संरचना और पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में नगर विकास, पथ निर्माण और पर्यटन विभाग के कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया.
पर्यावरण संरक्षण से कोई समझौता नहीं: सीएम
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि विकास कार्यों की रफ्तार तेज हो लेकिन पर्यावरण संरक्षण से कोई समझौता नहीं होना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं में प्रकृति के संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाए और वृक्षारोपण को अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाए.
रांची स्मार्ट सिटी परियोजना की प्रगति
बैठक में रांची स्मार्ट सिटी परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे अधिक व्यवस्थित और जनहितकारी बनाने पर जोर दिया है. उन्होंने ई-ऑक्शन समेत अन्य माध्यमों से राजस्व बढ़ाने के उपायों पर भी गंभीरता से काम करने का निर्देश दिया, ताकि शहर के विकास को आर्थिक मजबूती मिल सके.
उपलब्ध परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग
इसके अलावा विभागीय मास्टर प्लान के तहत उपलब्ध परिसंपत्तियों के बेहतर और योजनाबद्ध उपयोग पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने कहा कि संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित कर विकास कार्यों में तेजी लाई जाए.
विभिन्न परियोजनाओं का अवलोकन
पर्यटन क्षेत्र को लेकर भी बैठक में अहम चर्चा हुई. 3D प्रस्तुति के जरिए विभिन्न परियोजनाओं का अवलोकन किया गया, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने पर्यटन स्थलों को और आकर्षक बनाने, सुविधाओं के विस्तार और बेहतर प्रस्तुतीकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इस महत्वपूर्ण बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार और योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.


