Monday, April 27, 2026

रांची में दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय निर्माण को लेकर सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए.

Share

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन के प्रणेता दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय का निर्माण रांची के रिंग रोड स्थित जगुआर कैंपस में प्रस्तावित है.

इस विद्यालय परिसर के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की. इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तावित दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय परिसर के निर्माण से संबंधित प्रजेंटेशन रखा तथा कार्य योजना की विस्तृत जानकारी से उन्हें अवगत कराया.

प्रस्तावित दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय में शहीद हुए पुलिस कर्मी, आर्मी एवं सीपीएमएफ में कार्यरत जवानों के बच्चों को नामांकन में विशेष प्राथमिकता दिए जाने की योजना है. इस विद्यालय में कक्षा 1 से 12 तक की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई की व्यवस्था होगी.

CM Directives to Officials Regarding Construction of Dishom Guru Shibu Soren Residential School in Ranchi

आज की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित स्कूल के निर्माण कार्य एवं संचालन से संबंधित कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए. मुख्यमंत्री ने इस दौरान अधिकारियों से कहा कि “दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय परिसर” के निर्माण के लिए वह शीघ्र भूमि चिन्हितिकरण कार्य पूर्ण करें.

डीपीआर तैयार करने की दी सीएम को जानकारी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ जगुआर कैंपस, रिंग रोड रांची में प्रस्तावित दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय परिसर के निर्माण को लेकर बैठक की. बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आवासीय विद्यालय परिसर के निर्माण कार्य के लिए जगुआर कैंपस में ही जल्द से जल्द भूमि चिन्हितिकरण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने अवगत कराया कि प्रस्तावित दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय परिसर के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है तथा जमीन चिन्हितिकरण का कार्य प्रगति पर है.

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता

इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि स्कूल निर्माण से जुड़े सभी कार्य जल्द से जल्द पूरा कर ससमय विद्यालय की स्थापना करने और स्कूल में कक्षाएं संचालित हो. इस निमित्त पूरी तत्परता के साथ बेहतर कार्ययोजना बनाते हुए योजना को मूर्त रूप देने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कर्तव्य के दौरान शहीद हुए पुलिस कर्मी सहित आर्मी एवं सीपीएमएफ में कार्यरत जवानों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित स्कूल के संदर्भ में क्वालिटी एजुकेशन, आधुनिक संसाधनों एवं बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर जोर दिया. मुख्यमंत्री ने विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी, आईसीटी लैब, प्ले ग्राउंड एवं खेलकूद की अन्य सुविधाओं सहित अन्य फैसिलिटीज की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए.

सभी सुविधाएं बेहतर हो यह सुनिश्चित करें

मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय का संचालन उत्कृष्ट विद्यालय के अनुरूप हो यह सुनिश्चित की जाए. स्कूल परिसर की सभी सुविधाएं आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए. कक्षा 6 से 12 तक में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर रेजिडेंशियल सुविधा सुनिश्चित की जाए. छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल्स के साथ-साथ पठन-पाठन की सभी सुविधाएं उच्चस्तरीय हों यह सुनिश्चित करें.

जैप-10 होटवार में संचालित होने वाले अस्पताल पर हुई चर्चा

इस बैठक में मुख्यमंत्री एवं अधिकारियों के बीच पुलिस परिवार के लिए जैप-10 होटवार, रांची में प्रस्तावित अस्पताल के संचालन पर भी चर्चा हुई. मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने अवगत कराया कि यह अस्पताल पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मोड पर संचालित की जाएगी. प्रारंभिक चरण में यह अस्पताल 50 शैय्या वाला होगा. आवश्यकता के अनुरूप अपग्रेड करते हुए अस्पताल में बेड की 100 तक की जा सकेगी.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि यहां इलाज कराने पहुंचे पुलिस परिवार के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ की जा सके.

Read more

Local News