सैमसंग अपनी फोल्डेबल सीरीज को और मजबूत बनाने की तैयारी में लगा हुआ है. इस साल की दूसरी छमाही यानी जून 2026 के बाद कंपनी Galaxy Z Fold 8, Z Flip 8 और एक नया मॉडल Galaxy Z Wide Fold लॉन्च करने वाली है. हाल ही में इन फोन्स के डमी यूनिट्स ऑनलाइन लीक हो गए हैं, जिसकी वजह से इन फोन्स की डिज़ाइन की झलक मिल रही है.
टिप्स्टर सोनी डिक्शन ने एक्स (पुराना नाम ट्विटर) पर इनकी इमेज शेयर की है, जो बताती है कि सैमसंग कैसे एप्पल के आने वाले फोल्डेब आईफोन को टक्कर देने की रणनीति बना रही है. इन डमी यूनिट्स को देखने से पता चलता है कि Galaxy Z Fold 8 और Z Flip 8 अपने पिछले वर्ज़न से काफी मिलते-जुलते दिख रहे हैं.
हालांकि, फिर भी कुछ छोटे बदलाव नज़र आ रहे हैं. सबसे बड़ा बदलाव फ्रंट कैमरा में हैं, जो अब पहले से काफी छोटा लग रहा है. इससे उम्मीद है कि सेल्फी कैमरा की क्वालिटी में सुधार होगा. Fold 8 में रियर कैमरा सेटअप वर्टिकल ट्रिपल लेंस वाला है, जबकि Flip 8 में हॉरिजॉन्टल ड्यूल कैमरा डिज़ाइन बरकरार रखा गया है.
Galaxy Z Wide: एक नया मॉडल
इसमें सबसे खास बात एक नए मॉडल की है, जिसका नाम Galaxy Z Wide है. यह बुक-स्टाइल फोल्डेबल है, लेकिन स्टैंडर्ड फोल्ड 8 से ज्यादा चौड़ा और कम लंबा दिख रहा है. लीक के मुताबिक, इसमें 7.6 इंच का फोल्डेबल OLED डिस्प्ले और 5.4 इंच का कवर स्क्रीन होगा, जो 4:3 आस्पेक्ट रेशियो पर आधारित है. यह डिजाइन टैबलेट जैसा अनुभव देगा और मल्टीटास्किंग या वीडियो देखने के लिए बेहतर होगा. इसके रियर में सिर्फ ड्यूल कैमरा यूनिट है.
तीनों मॉडल्स के डमी यूनिट्स पर सर्कुलर रिंग्स दिख रही हैं, जो वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट का संकेत देती हैं. फोल्ड 8 और वाइड फोल्ड में 45 वॉट वायर्ड फास्ट चार्जिंग की उम्मीद है, जबकि फ्लिप 8 में 25 वॉट चार्जिंग रह सकती है. ऐसा कहा जा रहा है कि सैमसंग अपना गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट 22 जुलाई 2026 को लंदन में आयोजित करेगी. इस इवेंट में ये तीनों फोल्डेबल फोन्स साथ में पेश किए जा सकते हैं. अगर ये अफवाहें सही साबित हुईं तो सैमसंग फोल्डेबल मार्केट में अपनी पकड़ और मजबूत कर लेगी.
वाइड फोल्ड खासतौर पर उन यूजर्स के लिए आकर्षक होगा जो ज्यादा चौड़े स्क्रीन वाला अनुभव चाहते हैं. फिलहाल ये सब लीक और अफवाहें हैं, लेकिन डमी यूनिट्स से डिजाइन लगभग फाइनल लग रहा है. सैमसंग इन फोनों में बेहतर बैटरी, पावर एफिशिएंसी और सॉफ्टवेयर इंटीग्रेशन पर फोकस कर रही है. अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक चला तो 2026 सैमसंग के लिए फोल्डेबल फोन्स का बड़ा साल साबित हो सकता है.


