इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज (27 अप्रैल) मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होगा. ये मैच शाम 7:30 बजे से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू होगा. अंक तालिका में आरसीबी 7 मैच में 5 जीत और 2 हार के साथ दूसरे नंबर पर है, वहीं दिल्ली उतने ही मैच में 3 जीत और 4 हार के साथ सातवें स्थान पर है.
इस सीजन दोनों टीमों के बीच ये दूसरा मैच है,जब 176 रनों के लक्ष्य को दिल्ली ने केएल राहुल के 57 और ट्रिस्टन स्टब्स के 60 रनों की बदौलत आसानी से 20वें ओवर में चेज कर लिया था. अब आरसीबी के पास दिल्ली से हिसाब बराबर करने का सुनहरा मौका है.
हालांकि दिल्ली अपना पिछला मैच 264 रन बनाने के बाद भी हार गई थी. जब पंजाब ने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज करके इतिहास रचा था. वहीं आरसीबी अपने पिछले मैच में गुजरात के खिलाफ 206 रन चेस करके इस मैच में उतर रहा है. इसलिए दोनों टीमों के आत्मविश्वास में भी काफी अंतर होगा.
कोहली के पास इतिहास रचने का मौका
कोहली को IPL के इतिहास में 9,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बनने के लिए सिर्फ 11 रनों की जरूरत है. ऐसे में, इस ऐतिहासिक मैदान के साथ अपने लंबे और यादगार रिश्ते में एक और नया अध्याय जोड़ने के लिए मंच पूरी तरह से तैयार है. इस मैदान पर कोहली का औसत 66.8 का रहा है, जिसमें 11 पारियों में लगाए गए सात अर्धशतक भी शामिल हैं.
अरुण जेटली स्टेडियम
ये मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा, ये एक ऐसा मैदान है, जहां इस सीजन के 9 टी20 मैचों में पांच बार 200 से ज्यादा का स्कोर बना है, जिसमें से दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने सात मैच जीते हैं. इसलिए एक और हाई-स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है.
DC vs RCB: हेड टू हेड रिकॉर्ड
हेड टू हेड रिकॉर्ड में RCB दिल्ली कैपिटल्स से काफी आगे है. दोनों के बीच अब तक खेले गए 34 मैच में आरसीबी ने 20 मैच में जीत दर्ज की है जबकि दिल्ली को 13 मैच में जीत मिली है. एक मैच में कोई नतीजा नहीं निकल सका. हालांकि, 2023 से यह मुकाबला बराबरी का रहा है, जिसमें दोनों टीमों ने तीन-तीन मैच जीते हैं. अरुण जेटली स्टेडियम में, दिल्ली RCB के खिलाफ सिर्फ चार मैच जीत पाई है, जबकि RCB ने इस मैदान पर सात बार जीत हासिल की है.
DC vs RCB: दोनों टीमों के स्क्वाड
दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), केएल राहुल, कुलदीप यादव, करुण नायर, डेविड मिलर, पथुम निसांका, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, नितीश राणा, टी. नटराजन, मुकेश कुमार, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, लुंगी एनगिडी, विप्रज निगम, साहिल पारख, पृथ्वी शॉ, अभिषेक पोरेल, अजय मंडल, त्रिपुरा विजय, माधव तिवारी, औकिब नबी डार, मिशेल स्टार्क और काइल जेमिसन.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेज़लवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल साल्ट, सात्विक देसवाल। विक्की ओस्तवाल, और विहान मल्होत्रा.


