Saturday, April 18, 2026

तेज गेंदबाज खलील अहमद पैर में चोट के कारण IPL 2026 से बाहर हो गए.

Share

चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका तब लगा जब टीम के बांए हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट के कारण IPL 2026 से बाहर हो गए. उन्हें केकेआर के खिलाफ मैच के दौरान अपने स्पेल की आखिरी गेंद फेंकने से पहले जांघ में खिंचाव हुआ, जिसकी वजह से वो आखिरी गेंद नहीं फेंक सके और मैदान से बाहर चले गए.

अब सीएसके ने अपने एक्स अकाउंट पर इस खबर की पुष्टि कर दी है कि खलील अहमद टूर्नामेंट से बाहर हो गए है. फ्रैंचाइजी ने एक्स पर लिखा, ‘KKR के खिलाफ मैच में दाएं जांघ में चोट लगने के बाद खलील अहमद IPL 2026 से बाहर हो गए हैं. हम खलील के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं.’

ठीक होने में लंबा समय लग सकता है
28 वर्षीय खलील अहमद को ठीक होने में कम से कम 10-12 हफ्ते लग सकते हैं. एक IPL सूत्र ने बताया, ‘इस चोट में क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव भी शामिल है. इसलिए अगर जरूरत पड़ी तो खलील को सर्जरी करवानी पड़ सकती है. एक तेज गेंदबाज के लिए यह एक बुरी चोट है, क्योंकि शरीर के उस हिस्से के आस-पास की कोई भी चोट ठीक होने में लंबा समय लेती है और उसका रिहैब भी बहुत सावधानी से करना पड़ता है.’

खलील अहमद का रिप्लेसमेंट
खलील की गैरमौजूदगी से CSK की तेज गेंदबाजी की ताकत में एक बड़ा खालीपन आ गया है. फ्रैंचाइजी ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है. लेकिन इस तेज गेंदबाज को मुकेश चौधरी और रामकृष्ण घोष जैसे गेंदबाज रिप्लेस कर सकते हैं. आखिरी फैसला कप्तान और टीम मैनेजमेंट को ही करना होगा. घोष दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं जो निचले क्रम के एक उपयोगी बल्लेबाज के तौर पर भी टीम के लिए काफी अहमियत रखते हैं.

CSK का अगला मैच कब?
इस सीजन CSK की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसे लगातार तीन मैच में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन पिछले दो मैच जीतकर सीएसके ने शानदार वापसी की है और वो अब अंक तालिका में 8वें नंबर पर पहुंच गए हैं. उनका अगला मैच शनिवार (18 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद से है.

Read more

Local News