Thursday, April 16, 2026

RCB की जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में विराट कोहली ने स्पीच दी.

Share

 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी खिलाड़ी विराट कोहली ने लखनऊ सुपर जायंट्स पर जीत के बाद टीम के शानदार और आक्रामक रवैये की तारीफ की. साथ ही उन्होंने टीम में सुधार की गुंजाइश वाले क्षेत्रों पर भी रोशनी डाली. इस दौरान कोहली ने ये भी कहा कि उन्हें बैटिंग कोलैप्स होते देखना पसंद नहीं है.

बुधवार (15 अप्रैल) को खेले गए मैच में आरसीबी ने लखनऊ पर पांच विकेट से शानदार जीत दर्ज की. 147 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने 15.1 ओवर में ही हासिल कर लिया था. इस जीत के साथ वो अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. उनके नाम अब 5 मैच में 4 जीत और एक हार के साथ कुल 8 पॉइंट्स हैं.

हमने काफी पेशेवर तरीके से खेला
इस शानदार जीत के बाद विराट कोहली ने ड्रेसिंग रूम में स्पीच दी. उनकी फ्रैंचाइजी द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में कोहली ने कहा, ‘दोस्तों, हमारे लिए एक और अच्छी जीत. मैं अपनी बात ज्यादा लंबी नहीं खींचूंगा. मुझे लगता है कि हमने काफी पेशेवर तरीके से खेला और शुरू में ही मैच को विपक्षी टीम से छीनने की पूरी कोशिश की. जब सॉल्टी (फिल सॉल्ट) आउट हो गए, तो हमारा इरादा पलटवार करने का था, ताकि विपक्षी टीम को मैच में वापसी का कोई मौका न मिले, और हमने ठीक वैसा ही किया.’

उन्होंने आगे कहा, ‘एक बार फिर, एक बल्लेबाज के बाद दूसरे बल्लेबाज का उस लय और मोमेंटम को बनाए रखना हमारे लिए बहुत बढ़िया काम कर रहा है. जब रजत बल्लेबाजी करने आए, तो उन्होंने टीम को संभाला और कुछ शानदार शॉट खेले. दबाव के छोटे-छोटे पलों में भी हमने सही शॉट चुने, विपक्षी टीम पर पलटवार किया और हर समय मैच में अपनी बढ़त बनाए रखी.’

बैटिंग में कोलैप्स होते देखना पसंद नहीं
इस आसान जीत के बावजूद, RCB के पूर्व कप्तान ने सुधार की गुंजाइश वाले क्षेत्रों की ओर भी इशारा किया, विशेष रूप से मध्यक्रम में जल्दी जल्दी विकेट का गिरना, जिसने कुछ समय के लिए लक्ष्य का पीछा करने की प्रक्रिया में बाधा डाली थी.

कोहली ने कहा, ‘निजी तौर पर और बैटिंग ग्रुप के नजरिए से भी, मुझे लगता है कि हमको ये मैच दो या तीन विकेट गंवाकर ही खत्म कर देना चाहिए था. मुझे बैटिंग में कोलैप्स होते देखना पसंद नहीं है, लेकिन बहुत बढ़िया काम किया, और यह देखकर अच्छा लगा कि शेपी (रोमारियो शेफर्ड) को आखिरकार बैटिंग करने का मौका मिला और उन्होंने मैच खत्म किया. अब सिर्फ KP (क्रुणाल पंड्या) ही बचे हैं, इसलिए जब सबको खेलने का मौका मिल जाएगा, तो शायद अगली बार हम कोई जश्न देखेंगे. बहुत बढ़िया, बहुत ही प्रोफेशनल, हम आगे बढ़ते रहेंगे.’

Read more

Local News