रांचीः झारखंड में गर्मी ने अब तेज रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है. खास तौर पर सरायकेला में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है. गौरतलब है कि शुक्रवार यानी 10 अप्रैल को सरायकेला में अधिकतम तापमान 36 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था. महज पांच दिनों के भीतर तापमान में 4 डिग्री से ज्यादा की बढ़ोतरी ने लोगों को भीषण गर्मी का एहसास कराना शुरू कर दिया है.
डाल्टनगंज का पारा 40 डिग्री के करीब
राजधानी रांची की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री रहा. वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. डाल्टनगंज में भी गर्मी का असर साफ दिखा, जहां अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम 19.1 डिग्री दर्ज हुआ.

गर्मी के मामले में बोकारो तीसरे स्थान पर
बोकारो में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री और न्यूनतम 19.1 डिग्री रहा, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इन आंकड़ों से साफ है कि राज्य के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान 39 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ रहा है.
गुमला का न्यूनतम पारा 15.4 डिग्री
वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात के समय हल्की ठंडक बनी हुई है. हालांकि दिन और रात के तापमान में अंतर भी तेजी से बढ़ रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है, क्योंकि पिछले 24 घंटे में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है. ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है. मौसम केंद्र, रांची ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है.


