Monday, April 13, 2026

धनबाद में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में हार्ट के मरीजों के लिए ओपीडी सेवा शुरू कर दी गई है.

Share

धनबाद: जिला में हार्ट के मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब जिलावासियों को इलाज के लिए महंगे निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा.

सरायढेला स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में हृदय रोगियों के लिए ओपीडी सेवा की शुरुआत कर दी गई है. ओपीडी सेवा शुरू होने के पहले दिन मरीजों की संख्या कम रही. लेकिन अस्पताल प्रबंधन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या बढ़ेगी. सोमवार को कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अद्वैत आकाश ओपीडी में मौजूद रहकर मरीजों का इलाज करते नजर आए.

सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी कार्डियोलॉजी ओपीडी

अस्पताल के एचओडी डॉ. रवि भूषण ने बताया कि फिलहाल सप्ताह में तीन दिन कार्डियोलॉजी ओपीडी संचालित की जाएगी. सोमवार और बुधवार को डॉ. अद्वैत आकाश, जबकि शुक्रवार को डॉ. सूरज चौहान मरीजों का इलाज करेंगे. उन्होंने जानकारी दी कि गुरुवार से ऑन्कोलॉजी (कैंसर) ओपीडी सेवा भी शुरू की जाएगी. जिससे कैंसर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी. इसके अलावा गंभीर मरीजों के लिए आईसीयू सुविधा जल्द शुरू होने वाली है. कैथलैब की प्रक्रिया जारी है, वहीं डायलिसिस के लिए मशीनें भी अस्पताल पहुंच चुकी हैं और जल्द ही सेवा शुरू हो जाएगी.

कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अद्वैत आकाश ने बताया कि शुरुआत में मरीजों की संख्या कम है लेकिन जागरूकता बढ़ने के साथ इसमें इजाफा होगा. उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में कम खर्च में बेहतर इलाज मिलने से मरीजों को राहत मिलेगी. उन्होंने यह भी बताया कि छाती में दर्द, बाएं हाथ में दर्द, सांस लेने में तकलीफ या धड़कन की समस्या जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा कि धूम्रपान करने वालों में हृदय रोग का खतरा अधिक होता है.

Read more

Local News