रांची: राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम इन दिनों खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, झारखंड एथलेटिक्स संघ और झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-4 एक दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 225 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एथलीट हिस्सा ले रहे हैं.
शीर्ष संस्थानों के खिलाड़ियों ने बढ़ाया रोमांच
रेलवे, आर्मी, नेवी और विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के शीर्ष एथलीटों की मौजूदगी ने इस प्रतियोगिता के स्तर को काफी ऊंचा कर दिया है. ट्रैक और फील्ड दोनों इवेंट्स में खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है, जिससे दर्शकों को उच्च स्तरीय एथलेटिक्स का रोमांचक अनुभव हो रहा है.
झारखंड के 13 खिलाड़ी कर रहे राज्य का प्रतिनिधित्व
इस आयोजन में झारखंड के 13 खिलाड़ी भी अपनी राज्य का गौरव बढ़ाने के लिए मैदान में उतरे हैं. इन युवा एथलीटों के लिए यह प्रतियोगिता न सिर्फ खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है, बल्कि कॉमनवेल्थ गेम्स और फेडरेशन गेम्स जैसी बड़ी स्पर्धाओं की तैयारी के लिए भी अहम ट्रायल साबित हो रही है.
15 इवेंट्स में हो रही है जोरदार प्रतिस्पर्धा
सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग में कुल 15 इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं. इसके अलावा अंडर-20 आयु वर्ग के लिए भी कई स्पर्धाएं रखी गई हैं. इन इवेंट्स के माध्यम से खिलाड़ियों को कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई करने का मौका मिल रहा है और फेडरेशन गेम्स की तैयारी को भी मजबूती मिल रही है.

खिलाड़ियों ने सराही आयोजन की व्यवस्था
तमिलनाडु से रेलवे का प्रतिनिधित्व कर रही अंतरराष्ट्रीय एथलीट वित्या रामराज ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की. उन्होंने कहा, “यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतरीन मंच प्रदान करती है. ऐसे आयोजन न सिर्फ प्रदर्शन को निखारते हैं, बल्कि खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट्स के लिए मानसिक रूप से भी तैयार करते हैं.”
केरल की अंतरराष्ट्रीय एथलीट एनसी सोजन ने कहा, “मेरा फोकस लगातार अपने प्रदर्शन में सुधार करना है. इस तरह की प्रतियोगिताएं हमें अपनी तैयारी को परखने का अच्छा अवसर देती हैं. यहां का प्रतिस्पर्धी माहौल खिलाड़ियों को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करता है.”

आर्मी के खिलाड़ी शक्ति सिंह राठौड़, जिन्होंने 400 मीटर हर्डल्स में शानदार प्रदर्शन किया, ने भी इस आयोजन को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, “ऐसे मंच से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है.”
ट्रायल ग्राउंड साबित हो रही इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-4
इस बार रिलायंस फाउंडेशन, इंडियन रेलवे, आर्मी और अन्य संस्थानों के खिलाड़ियों की मजबूत भागीदारी ने प्रतियोगिता को और अधिक प्रतिस्पर्धी बना दिया है. इंडियन एथलेटिक्स सीरीज-4 रांची में अब केवल एक सामान्य प्रतियोगिता नहीं रह गई है, बल्कि उभरती प्रतिभाओं को तराशने, वर्तमान प्रदर्शन को परखने और आने वाले बड़े आयोजनों (कॉमनवेल्थ गेम्स एवं फेडरेशन गेम्स) की तैयारी का मजबूत आधार बन चुकी है. स्टेडियम में सुबह से ही खिलाड़ियों की गतिविधियां और रोमांचक मुकाबले खेल का जीवंत माहौल बना रहे हैं.


