रांची: मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी रांची में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 अपने निर्णायक दौर में पहुंच गई है. 1 से 12 अप्रैल तक चल रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के नौवें दिन ए डिवीजन के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें झारखंड और मध्य प्रदेश की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है जबकि उत्तर प्रदेश और ओडिशा की टीमें अब तीसरे स्थान के लिए आमने-सामने होंगी.
सेमीफाइनल में झारखंड ने उत्तर प्रदेश को 2-0 से हराया
पहले सेमीफाइनल में मेजबान झारखंड ने उत्तर प्रदेश को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. झारखंड की ओर से रेजिना कुल्लू और संदीपा कुमारी ने शानदार गोल दागे और टीम की जीत सुनिश्चित की. पूरे मैच के दौरान झारखंड की टीम का दबदबा साफ नजर आया. बेहतरीन प्रदर्शन के लिए संदीपा कुमारी को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया.
गौरतलब है कि संदीपा कुमारी, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी संगीता कुमारी की छोटी बहन हैं, जो उनके खेल में झलकती प्रतिभा और समर्पण को दर्शाता है. भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया.
मध्य प्रदेश ने ओडिशा को 2-1 से हराया
वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश ने ओडिशा को कड़े संघर्ष में 2-1 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई. मध्य प्रदेश की ओर से नौशीन नाज और केशर भाबर ने एक-एक गोल किया, जबकि ओडिशा की ओर से रूबीना बखला ने एकमात्र गोल दागा. इस मुकाबले में निर्णायक गोल करने वाली केशर भाबर को ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. उन्हें पूर्व अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सुभद्रा प्रधान ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया.
टूर्नामेंट के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, पूर्व कप्तान रानी रामपाल और सुभद्रा प्रधान समेत कई गणमान्य लोग स्टेडियम में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.
अब सभी की नजरें रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां झारखंड और मध्य प्रदेश के बीच खिताबी भिड़ंत होगी. झारखंड टीम के फाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए खिताब जीतने के लिए शुभकामनाएं दी हैं.


