लग्जरी कार निर्माता कंपनी Mercedes-Benz India ने भारत में दो स्पेशल एडिशन परफॉर्मेंस कार्स बाजार में उतारी हैं. कार निर्माता कंपनी ने भारत में हॉट हैच Mercedes-Benz AMG A45 S Aero Track Edition और AMG GLE Coupe Performance Edition पेश की हैं, जो AMG के शौकीनों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं.
जर्मन लग्ज़री कार निर्माता कंपनी का दावा है कि इन कारों में AMG की खास पहचान और मोटरस्पोर्ट से प्रेरित विशिष्टता के साथ-साथ एक स्पोर्टी ड्राइविंग एक्सपीरिएंस भी मिलता है. कीमत की बात करें तो Mercedes-AMG A45 S Aero Track Edition की कीमत 87 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है, जबकि Mercedes-AMG GLE 53 Coupe Performance Edition की कीमत 1.52 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है.
Mercedes-AMG A45 S Aero Track Edition
नई Mercedes-AMG A45 S Aero Track Edition हॉट हैच, की कीमत 87 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है. यह एक स्पोर्टी फ्रंट एप्रन के साथ आती है, जिसमें एक बड़ा स्प्लिटर और हाई-ग्लॉस ब्लैक कलर के अतिरिक्त फ्लिक्स लगाए हैं. इस कार में हाई-ग्लॉस ब्लैक कलर का एक फिक्स्ड AMG रियर विंग भी दिया गया है.
कार में बेहतर स्टेबिलिटी के लिए इसके रियर एप्रन पर लैटरल एयरफ्लो ब्रेकअवे एज दिए गए हैं, जबकि हाई-ग्लॉस ब्लैक कलर का डिफ्यूज़र ब्लेड कार की एयरोडायनामिक दक्षता को बढ़ाने के लिए है. इसमें 19-इंच के ब्लैक अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं. AMG पैकेज न केवल कार को एक शानदार विज़ुअल लुक देता है, बल्कि इसके फ़ंक्शनल फ़ायदों को भी बढ़ाता है.
इंजन की बात करें तो इस परफॉर्मेंस कार में 2.0-लीटर, चार-सिलेंडर वाला इंजन लगाया गया है, जो 6,750 rpm पर 415 bhp की पीक पावर और 5,000-5,250 rpm के बीच 500 Nm का अधिकतम टॉर्क उत्पन्न करता है. यह कार 270 kmph की टॉप स्पीड हासिल कर सकती है, जबकि सिर्फ 3.9 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है.

Mercedes-AMG GLE 53 Coupe Performance Edition
वहीं, Mercedes-AMG GLE 53 Coupe Performance Edition की बात करें तो कंपनी ने इसे 1.52 करोड़ रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर उतारा है. इस कार में AMG Dynamic Plus Package मिलता है, जिसमें हाई-परफॉर्मेंस वाले पार्ट्स दिए गए हैं, जिससे इसकी स्पोर्टीनेस में साफ़ तौर पर बढ़ोतरी देखने को मिलती है. इसके अलावा, कार में AMG Active Ride Control दिया गया है, जिससे कार को ज़्यादा फुर्ती और स्टेबिलिटी मिलती है.
कंपनी इस कार में AMG हाई-परफॉर्मेंस कम्पोजिट ब्रेकिंग सिस्टम देती है, जिसमें अंदर से हवादार और छेद वाले ब्रेक डिस्क लगाए गए हैं. कार के अन्य खास फीचर्स की बात करें तो इसमें AMG परफॉर्मेंस स्टीयरिंग व्हील, MBUX इंफोटेनमेंट सिस्टम में पूरी तरह से इंटीग्रेटेड परफॉर्मेंस डेटा सिस्टम, और रियल-टाइम टेलीमेट्री (जिसमें लैप टाइम, एक्सीलरेशन, स्टीयरिंग इनपुट और ब्रेकिंग डेटा वगैरह शामिल हैं) जैसे फीचर्स मिलते हैं.
इस मॉडल मिलने वाले इंजन की बात करें तो इसमें 3.0-लीटर का सिक्स-सिलेंडर इंजन इस्तेमाल किया गया है, जिसकी मदद से यह कार सिर्फ 5.3 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ़्तार पकड़ सकती है, और इसकी टॉप स्पीड 250 kmph है. यह इंजन 6,100 rpm पर 429 bhp की पीक पावर और 1,800 rpm से 5,800 rpm के बीच 520 Nm का टॉर्क प्रदान करता है


