इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन पूरे जोर-शोर से चल रहा है. अब तक, टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही सभी 10 टीमों ने कम से कम 2-2 मैच खेल चुके हैं, जिससे कुल मैचों की संख्या 14 हो गई है. इनमें से, बारिश की वजह से सिर्फ एक मैच रद्द हुआ, जबकि बाकी मैचों के नतीजे स्पष्ट रहे. लीग का 15वां मैच आज ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स आमने-सामने होंगे.
इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड IPL के बीच में ही एक नया नियम लागू करने की योजना बना रही है. जिससे बेवजह समय की बर्बादी से बचा जा सकता है. तो आइए जानते हैं कि BCCI अब क्रिकेट में कौन से नए नियम लाने की तैयारी में है.
IPL में आने वाला नया नियम क्या है?
BCCI के नए नियमों के मुताबिक, मैच के दौरान मैदान पर सिर्फ उन 16 खिलाड़ियों को जाने की इजाजत होगी जिनके नाम टीम शीट में शामिल होंगे. जिसमें प्लेइंग-11 के साथ 5 इम्पैक्ट प्लेयर के लिए दिए जाने वाले विकल्प खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं. इसका मतलब है कि कोच समेत टीम के दूसरे सदस्यों को मैच में ब्रेक के दौरान मैदान पर जाने की इजाजत नहीं होगी. फिलहाल, BCCI ने इस मामले पर कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
नियम के अनुसार प्लेइंग-11 के खिलाड़ियों को छोड़ कर, सिर्फ पांच खिलाड़ियों को ही ‘बिब’ (बेंच पर बैठने वाले खिलाड़ी की टी शर्ट) पहनकर बाउंड्री लाइन के पास रहने की इजाजत होगी. जिन खिलाड़ियों का नाम टीम शीट में शामिल नहीं होगा, उन्हें मैदान के अंदर जाकर ड्रिंक्स, बैट या ग्लव्स देने की परमिशन नहीं होगी.
इसके अलावा ना ही उन्हें दूसरे खिलाड़ियों तक कोई संदेश पहुंचाने की भी इजाजत होगी. सिर्फ ‘बिब’ पहने हुए पांच खिलाड़ियों को ही बाउंड्री लाइन के आस-पास घूमने की इजाजत होगी. बाकी खिलाड़ियों को डगआउट में ही रहना होगा. बता दें कि आईपीएल में हर फ्रेंचाइजी को ज्यादा से ज्यादा 25 और कम से कम 22 खिलाड़ी रखने की अनुमति है.
नया नियम लाने की वजह क्या है?
भारतीय बोर्ड IPL 2026 के दौरान ही इस नियम को लागू करने के बारे में सोच रहा है. फिलहाल इस नियम के लाने की वजह साफ नहीं है. कहा जा रहा है कि ये नियम मैचों के दौरान अनुशासन बनाए रखने, बेवजह की भीड़ और रुकावटों को कम करने, और खेल की गति को बेहतर बनाने के लिए लागू किए जाएंगे. लेकिन BCCI ने इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं दी है. ऐसी भी खबरें हैं कि इन नियमों का पालन न करने पर टीम और खिलाड़ी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.


