रांची: विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर राज्य सरकार ने बड़ी घोषणा की है. नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान एवं एनएचएम सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने संबोधित करते हुए कहा कि नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड रैंकिंग में झारखंड ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है.
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किया दिन रात काम
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस उपलब्धि को राज्य के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह स्थानीय सरकार की प्रतिबद्धता और स्वास्थ्य विभाग की लगातार मेहनत का परिणाम है. उन्होंने कहा कि हमने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए दिन रात काम किया है और आज उसका नतीजा पूरे देश के सामने है. इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जल्द ही राज्य में स्वास्थ्य गारंटी कार्ड लागू किया जाएगा, जिससे हर नागरिक को बेहतर और सुलभ इलाज सुनिश्चित होगा.
हर शख्स को स्वास्थ्य सुरक्षा देना लक्ष्य
उन्होंने आगे कहा कि झारखंड के हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि बिना डोनर के ब्लड उपलब्ध कराना जमीनी स्तर पर चुनौतीपूर्ण है, इसलिए विभाग इस आदेश में संशोधन के लिए जल्द ही न्यायालय का रुख करेगा.
1200 स्थायी चिकित्सकों की जल्द बहाली
विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में 1200 स्थायी चिकित्सकों की जल्द बहाली होने की बात दोहराई. उन्होंने कहा कि 7500 ANM एवं GNM की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो गई है और राज्य की जनता को जल्द 247 नए एम्बुलेंस मिलेगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट अपने स्वास्थ्य के लिए निकाले. उन्होंने कहा कि ‘Health is Wealth’ है और हमें नियमित व्यायाम, योग और ध्यान अपनाना चाहिए साथ ही मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने की अपील की और संतुलित आहार और पर्याप्त नींद लेने का आग्रह किया.
‘वन हेल्थ’ की अवधारणा पर जोर: अपर मुख्य सचिव
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि NQAS में मिला तीसरा स्थान राज्य के लिए गर्व की बात है. यह प्रमाणन केंद्र सरकार द्वारा दिया गया है, जो इसकी विश्वसनीयता को दर्शाता है. उन्होंने ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के लिए पूरे इकोसिस्टम का संतुलित और स्वस्थ रहना जरूरी है.
तनावमुक्त जीवन अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी: अभियान निदेशक
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और तनावमुक्त जीवन ही अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी है. उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की. कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया तथा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता से जुड़े पोस्टर और हर्बल गार्डन हैंडबुक का विमोचन किया गया.


