हजारीबाग: झारखंड मुक्ति मोर्चा का 47वां स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन हजारीबाग जिला स्कूल में किया गया. जिसमें विधायकों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. उन्होंने कहा कि अपार भीड़ और जनसमर्थन बता रहा है कि हजारीबाग के लोगों का हेमंत सोरेन सरकार पर भरोसा बढ़ा है.
पिछले कई दिनों से स्थापना दिवस को लेकर पार्टी की तैयारी चल रही थी. यह उम्मीद लगायी जा रही थी कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचेंगे. लेकिन असम चुनाव में व्यस्तता के कारण हजारीबाग नहीं पहुंच पाए. इसके बावजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह की कमी नहीं थी.
हजारीबाग पहुंचे बहरागोड़ा से जेएमएम विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि अपार समर्थन यह बताता है कि राज्य सरकार पर लोगों का विश्वास बढ़ा है. हेमंत सोरेन की सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजना धरातल पर लाया है. 19 साल में जो भाजपा ने नहीं किया, वह वर्तमान सरकार ने कर दिखाया है.
वहीं विधायक अमित महतो ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि जल जंगल जमीन की रक्षा के लिए यह पार्टी संघर्ष कर रही है. इस पार्टी की उत्पत्ति ही संघर्ष से हुई है. दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आदर्श पर हर एक कार्यकर्ता को आगे बढ़ना है. तभी उनके सपनों को साकार किया जा सकता है. वर्तमान सरकार कई जनकल्याणकारी योजना समाज के अंतिम पायदान तक के व्यक्ति के लिए लाई है. जिसका लाभ लोग ले भी रहे हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में योजना धरातल पर पहुंच रही है.
उन्होंने सभी लोगों को धन्यवाद दिया कि कड़ी धूप में भी वह कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे. इसी दौरान इन्होंने बरकट्ठा के कुसुंबा में हुए हत्याकांड पर दुख जाहिर किया और कहा कि किसी भी समाज में ऐसी घटना स्वीकार्य नहीं है. झामुमो ने अपने स्थापना दिवस के दौरान हजारीबाग में शक्ति प्रदर्शन भी किया और एहसास कराया कि हजारीबाग में भी अब पार्टी मजबूत हो रही है.


