बीपीएससी ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) परीक्षा के प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि घोषित कर दी है। अभ्यर्थी शुक्रवार से आयोग की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। 935 पदों के लिए 11 लाख आवेदन आए हैं, जिसके लिए 38 जिलों में 746 केंद्र बनाए गए हैं।
पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने गुरुवार को सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) परीक्षा का प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की तिथि जारी कर दी। अभ्यर्थी शुक्रवार से आयोग की वेबसाइट https://bpsc.bihar.gov.in/ पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
आयोग ने बताया कि 935 पदों के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए 11 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। इसके लिए प्रदेश के 38 जिलों में कुल 746 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आयोग के अनुसार, एक पद के लिए एक हजार 176 आवेदक हैं।
परीक्षा 14, 15, 17, 18, 20 एवं 21 अप्रैल को होगी। 14, 15 अप्रैल की परीक्षा के लिए 11 से, 17, 18 के लिए 14 अप्रैल से और 20, 21 को आयोजित परीक्षा के लिए 17 अप्रैल से केंद्र कोड, परीक्षा केंद्र का नाम के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोग ने कहा है कि अभ्यर्थी प्रवेशपत्र डाउनलोड करते समय सुनिश्चित कर लें कि अनुक्रमांक के साथ बार कोड स्पष्ट रूप से छपा हो। केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से 2.30 घंटा पहले पहुंच जाएं।
अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटा पूर्व तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। सभी अभ्यर्थी ई प्रवेश पत्र की एक अतिरिक्त प्रति अपने साथ परीक्षा केंद्र पर ले जाना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा अवधि में वीक्षक के समक्ष हस्ताक्षर कर उन्हें सौंपना सुनिश्चित करेंगे।
एनटीईटी के लिए अब सात अप्रैल तक आवेदन
दूसरी ओर, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने गुरुवार को नेशनल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (एनटीईटी) के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी। अब सात अप्रैल की रात नौ बजे तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। पहले इसकी तिथि 11 मार्च से दो अप्रैल तक थी।
इसी तरह तीन अप्रैल तक जमा की जाने वाली फीस अब सात अप्रैल तक देय होगी। आवेदन में सुधार आठ एवं नौ अप्रैल को 23.50 तक किया जा सकता है।


