Tuesday, March 31, 2026

दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ किया जोरदार प्रदर्शन.

Share

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पुष्पा सिंह के नेतृत्व में एक सांकेतिक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया. यह प्रदर्शन दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन से शुरू होकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय की ओर बढ़ा, जहां कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ अपनी नाराज़गी जताई.
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस विरोध का मुख्य मुद्दा था—लगातार बढ़ती महंगाई, खासकर घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और उसकी उपलब्धता की समस्या.

दिल्ली में गैस सिलेंडर के लिए लग रही लंबी-लंबी कतारें
कांग्रेस प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दिल्ली में गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, बावजूद इसके लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे. वहीं, कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे आम जनता पर भारी बोझ पड़ रहा है.महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने इस दौरान कहा कि गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ रहा है. जो महिलाएं घरों में छोटे-छोटे काम या खाना बनाकर अपनी आजीविका चलाती थीं, उनका काम अब ठप पड़ता जा रहा है.

गरीब और मध्यम वर्ग के लिए घर चलाना बेहद मुश्किल
महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने यह भी कहा कि महंगाई के इस दौर में गरीब और मध्यम वर्ग की महिलाओं के लिए घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान देने के बजाय चुप्पी साधे हुए है. इसके साथ ही महिला सुरक्षा का मुद्दा भी इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से उठाया गया. पुष्पा सिंह ने कहा कि देश और दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे महिलाओं में डर का माहौल बनता जा रहा है.

महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार को लेकर भी उठाई आवाज
प्रदर्शन में बदरपुर जिला अध्यक्ष कांता शर्मा भी मौजूद रहीं. उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार और बढ़ती महंगाई दोनों ही बेहद गंभीर मुद्दे हैं, जिन पर सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए. सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटका रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी.

गैस सिलेंडर की कीमतों को नियंत्रित करने की मांग
इस दौरान महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों को नियंत्रित किया जाए और उसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए. साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाए जाएं. हालांकि यह प्रदर्शन सांकेतिक था, लेकिन इसके जरिए महिला कांग्रेस ने सरकार को एक साफ संदेश देने की कोशिश की है कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. अब देखना होगा कि इस प्रदर्शन के बाद सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है और क्या आम लोगों को महंगाई और सुरक्षा के मुद्दों पर कोई राहत मिलती है या नहीं.

Read more

Local News