कृषि विभाग ने पान उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने हेतु पान विकास योजना शुरू की है। इस योजना के तहत बिहार के 12 जिलों के किसानों को मगही और देसी पान की खेती के लिए 11,750 रुपये का अनुदान मिलेगा।
पटना। पान उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने और पान उत्पादन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए कृषि विभाग ने पान विकास योजना की शुरुआत की है। चतुर्थ कृषि रोड मैप के अंतर्गत इस महत्वाकांक्षी योजना को वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2026-27 तक दो वर्षों के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है।
रविवार को कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत राज्य के 12 पान उत्पादक जिलों (औरंगाबाद, गया, शेखपुरा, वैशाली, नालंदा, नवादा, सारण, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मुंगेर एवं दरभंगा) के इच्छुक किसानों को सहायता अनुदान प्रदान किया जाएगा। अनुदान के लिए इच्छुक किसान 20 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं।
लॉटरी से होगा लाभार्थियों का चयन
योजना के अंतर्गत मगही एवं देसी पान की खेती करने वाले व्यक्तिगत कृषकों एवं एफपीसी के सदस्यों को 100 वर्ग मीटर (0.01 हेक्टेयर) क्षेत्र के लिए प्रति कृषक 11,750 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी से होगा। किसानों का डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।


