आदित्य धर की निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ दुनियाभर में अपना जलवा बिखेर रही हैं. फिल्म ने एक ही हफ्ते में 1000 करोड़ से ज्यादा कमाई कर नया रिकॉर्ड कायम कर दी है. इसने एक हफ्ते में दुनिया में 1088 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की है. फिल्म की जबरदस्त कमाई होने के बाद पाकिस्तान से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें ल्यारी के लोकल लोग फिल्म के डायरेक्टर से पैसे की मांग करते दिख रहे हैं.
पाकिस्तान के ल्यारी इलाके के लोगों ने फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की बॉक्स ऑफिस कमाई में से अपना हिस्सा मांगा है. कुछ लोगों ने तो यह भी मांग की है कि फिल्म की कमाई का 50 फीसदी हिस्सा स्थानीय विकास कार्यों के लिए दिया जाए. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस शहर से प्रेरित होकर यह फिल्म बनी है, उसे बदले में करोड़ों रुपये मिलने चाहिए.
ल्यारी के लोगों ने आदित्य धर से की अपील
इस वायरल वीडियो को एक एक्स हैंडल यूजर ने अपने अकाउंट पर शेयर किया है. वीडियो में ल्यारी के रहने वाले एक शख्स ने आदित्य धर की फिल्म के बारे में कहा, ‘ल्यारी पर जो बंदे ने फिल्म बनाया है, इसने बहुत पैसे कमाए हैं, यह एक बहुत ही VIP फिल्म है और इसने बहुत पैसा कमाया. ल्यारी तरक्की करे, यहां की सकड़े बन जाए.’
वहीं एक दूसरा स्थानीय कहता है, ‘अगर 1000 करोड़ मिल रहे हैं तो 500 करोड़ ल्यारी वालों को दे ना. 500 करोड़ ल्यारी वालों को दे और 500 करोड़ खुद रखें. आधी कमाई दे दे ताकि ये रोड बने, बच्चे जाते हैं तो पांव से दाने निकलते हैं.’
एक और रहने वाले से जब सीधे पूछा गया कि ल्यारी को इस सौदे में कितना मिलना चाहिए, तो उसने कहा, ‘इंडिया वाले पहले दे फिर बनेगा न. हम लोग बहुत डिमांड कर रहे हैं पर हमें मिल नहीं रहा कुछ ल्यारी के आवाम को, ल्यारी को. मिल जाए तो बहुत अच्छा होगा. दिल से हम खुश होंगे. दे दो भाईजान.’
‘धुरंधर 2’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और माधवन जैसे सितारों से सजी यह फिल्म ना सिर्फ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है, बल्कि विदेशों में भी अपना जलवा बिखेर रही है. सैकनिल्क से मिले डेटा के मुताबिक, 10वें दिन फिल्म ने ओवरसीज पर 29 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जिससे अब तक इसका कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 325.00 करोड़ रुपये हो गया है. 10 दिनों के बाद इसका दुनिया भर का कुल ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर 1255.44 करोड़ रुपये हो गया है.


