Thursday, March 26, 2026

हजारीबाग में रामनवमी को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं.

Share

हजारीबाग: रामनवमी को लेकर हजारीबाग पुलिस ने अभेद सुरक्षा कवच तैयार किया है. इस बार हजारीबाग पुलिस टेक्नोलॉजी के साथ-साथ मानव शक्ति का भरपूर उपयोग करने जा रही है. गाड़ियों में जीपीएस लगाया जाएगा. साथ ही अर्थ गूगल मैप के जरिए पूरे जुलूस पर नजर रखी जाएगी.

रामनवमी को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

हजारीबाग में रामनवमी पर 107 अखाड़ों की ओर से जुलूस निकाला जाएगा. इसे लेकर हजारीबाग पुलिस की ओर व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पहली बार प्रशासन भरपूर टेक्नोलॉजी का उपयोग करने जा रहा है. सभी अखाड़ों की जीपीएस से मॉनिटरिंग की जाएगी. वहीं अर्थ गूगल मैप का सहारा लिया जा रहा है. पहली बार हर अखाड़ा को यूनिफाइड कोड मुहैया कराया जा रहा है. जिसमें पहला अक्षर थाना का, उसके बाद जुलूस की संख्या, जहां से जुलूस निकालेगा उसका नाम और अखाड़े का अध्यक्ष एवं सचिव का मोबाइल नंबर और उनका नाम अंकित रहेगा. जिसे गूगल अर्थ सर्च इंजन के जरिए मॉनिटरिंग की जाएगी.

10 सहायक मंच तैयार

साथ ही रामनवमी जुलूस को लेकर 10 सहायक मंच तैयार किए जा रहे हैं. जिसमें डीएसपी रैंक के पदाधिकारी तैनात रहेंगे. सभी मंच एक-दूसरे से टेक्नोलॉजी के जरिए जुड़े रहेंगे. 8 किलोमीटर के जुलूस मार्ग पर विशेष रूप से नजर रहेगी. वहीं, 51 सरकारी और निजी अस्पतालों में भी तैयारी की गई है, जहां निशुल्क फर्स्ट एड दिया जाएगा. 10 बाइक एंबुलेंस की भी तैनाती की जाएगी. हर एक मंच के पास एक एंबुलेंस रहेगी. सभी 10 मंचों में भी वह तमाम सुविधा दी जाएगी, जो मुख्य मंच को दिया जाता है.

143 सीसीटीवी कैमरे से की जाएगी मॉनिटरिंग

पूरे जुलूस की 143 सीसीटीवी कैमरे से मॉनिटरिंग की जाएगी. वहीं 50 नाइट डिवीजन दूरबीन 50 भवन पर लगाए जाएंगे. जहां 100 से अधिक जवानों की तैनाती की जाएगी. पूरे जिले में सैकड़ों की संख्या में ड्रोन आकाश से अपनी नजर बनाए रखेंगे. पहली बार 16 असका लाइट 20 लगाई जा रही है. वही 20 मोबाइल इलेक्ट्रिक यूनिट तैयार किया जा रहा है. वहीं 5000 से अधिक जवानों को सड़कों पर तैनात किया जाएगा. यही नहीं आम जनता के लिए पेयजल और शौचालय की भी व्यवस्था की जा रही है.

इस संबंध में हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि टेक्नोलॉजी के साथ-साथ मानव शक्ति का बेजोड़ तालमेल इस जुलूस में देखने को मिलेगा. उन्होंने लोगों से अपील की है कि हजारीबाग की ऐतिहासिक रामनवमी का आनंद सभी लोग उठाएं, लेकिन कानून तोड़ने का अधिकार किसी को नहीं है.

सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर

एक ओर सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है तो दूसरी ओर सोशल मीडिया पर भी विशेष रूप से नजर रखी जा रही है. हजारीबाग जिला प्रशासन में एक अलग यूनिट सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग के लिए तैयार किया है. अब तक 20 सोशल मीडिया हैंडलर्स को नोटिस जारी कर पोस्ट हटाने का निर्देश जारी किया है.

इस संबंध में हजारीबाग के सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि हजारीबाग की रामनवमी बेहद खास है. सोशल मीडिया में आपत्तिजनक पोस्ट या फिर भ्रामक जानकारी के कारण अफवाह की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. इसे देखते हुए विशेष रूप से सोशल मीडिया पर काम किया जा रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि पोस्ट करने के पहले सत्यता की जांच कर लें और उन्माद फैलाने वाले पोस्ट ना करें. एसडीपीओ ने कहा कि जो भी व्यक्ति आपत्तिजनक पोस्ट करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई

इधर, हजारीबाग में रामनवमी को लेकर अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है. इस क्रम में हजारीबाग पुलिस ने एक साथ 54 स्थानों में छापेमारी कर 885 लीटर महुआ शराब और 3540 लीटर जावा महुआ बरामद किया. साथ ही 10 शराब की भट्ठियां नष्ट की गई हैं. वहीं कुल 225 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है.

इस संबंध में हजारीबाग सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि कोर्रा थाना क्षेत्र में 6, ओकनी में 7, कानी बाजार में 11, पेलावल में 10 जगह पर पुलिस ने छापेमारी की है. नगवां टोल प्लाजा के निकट कई दुकानों और होटलों में भी छापेमारी की गई. जिसमें धर्मवीर राशन दुकान और एक मोबाइल दुकान की छत से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है.

सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि अंग्रेजी शराब रामनवमी के दौरान महंगी कीमत में बेचने की योजना थी. पर्व को नशा मुक्त मनाने के लिए कार्रवाई की जा रही है. सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं यह सूचना मिलती है कि शराब की अवैध खरीद-बिक्री हो रही है तो इसकी सूचना गोपनीय रूप से पुलिस को दें. पुलिस सूचना पर कार्रवाई करेगी.

Read more

Local News