Thursday, March 26, 2026

रजरप्पा के छिन्नमस्तिका मंदिर का फूलों से भव्य सजावट किया गया है.

Share

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थित प्रसिद्ध सिद्ध पीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर भव्य सजावट और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. नवरात्र के सातवें दिन मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की विधिवत पूजा-अर्चना की गई. जिसके बाद अहले सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है.

संध्या आरती में मां का भव्य श्रृंगार किया गया. मंदिर की सजावट लोगों को मंत्रमुग्ध कर रही है. दूर-दूर से भक्त पूजा अर्चना के लिए माता के दरबार आ रहे हैं. नवरात्रि की शुरुआत से ही कोलकाता से आए लगभग 17 कारीगरों की टीम मंदिर को भव्य रूप दे दिया है. मंदिर को कोलकाता से आए फूलों और विदेशी फूलों से सजाया गया है.

Maa Chinnamasta Temple decorated with flowers on Chaitra Navratri

मुख्य मंदिर के प्रवेश द्वार को भव्य रूप दिया गया है, जिससे पूरा परिसर दिव्यता और भक्ति से सराबोर नजर आ रहा है. रंग-बिरंगे फूलों की सजावट से मंदिर परिसर महक उठा है और ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मानो स्वयं मां भगवती और भगवान शिव यहां विराजमान हों.

मंदिर के वरिष्ठ पुजारी सुबोध पंडा बताया कि सुबह मंगला आरती के बाद से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था. भक्त विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद ले रहे हैं. माता को आज विशेष भोग लगाया गया है. भव्य सजावट के बीच श्रद्धालु सेल्फी लेकर इस अद्भुत पल को संजोते भी नजर आए.

Maa Chinnamasta Temple decorated with flowers on Chaitra Navratri

इधर, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है. सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ को सुव्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा रहा है. बुजुर्ग श्रद्धालुओं को वीआईपी गेट से दर्शन कराए जा रहे हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो.

Maa Chinnamasta Temple decorated with flowers on Chaitra Navratri

चैत्र नवरात्र के इस पावन अवसर पर सजे मां छिन्नमस्तिका मंदिर की भव्यता श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. यह जागृत सिद्ध पीठ होने के कारण यहां आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूर्ण होने की मान्यता है. यही कारण है कि देश के विभिन्न कोनों से श्रद्धालु यहां पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं.

Read more

Local News