Tuesday, March 24, 2026

बिहार में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 26 मार्च के बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे।

Share

बिहार में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 26 मार्च के बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है।

पटना। बिहार के मौसम में अभी उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी। दो दिनों तक राज्य के ज्यादातर भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। दो दिनों बाद मौसम का तेवर बदलने के साथ जिलों में मेघ गर्जन के साथ छिटपुट वर्षा के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 26 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव की संभावना है। 26-27 मार्च के दौरान राज्य के उत्तर एवं दक्षिणी भागों के ज्यादातर भागों में 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

गर्मी से मिलेगी राहत

कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को गर्मी से राहत के आसार हैं। बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। अरवल जिले में 26 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा दर्ज की गई।

फारबिसगंज को छोड़ कर पटना सहित शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान दो डिग्री वृद्धि के साथ 32.0 डिग्री सेल्सियस एवं 20.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

वहीं, 34.5 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर का सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। सोमवार को पटना सहित आसपास इलाकों में मौसम शुष्क बने होने के साथ बादल छाए रहने से मौसम सामान्य बना रहा।

प्रमुख शहरों का तापमान:

शहरअधिकतम (°C)न्यूनतम (°C)
पटना32.020.0
गयाजी32.417.0
भागलपुर29.017.6
मुजफ्फरपुर25.018.1

Read more

Local News