हजारीबाग: जिले में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल मुखिया उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. यह आयोजन विनोबा भावे विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय परीक्षा भवन में किया गया. कार्याशाला में मुख्य रूप से झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह मौजूद थीं. सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य मुखिया को उनके अधिकार और कर्तव्य के बारे में जानकारी देना था.
मुखिया के खातों में पहुंचेगा 165 करोड़ रुपए
इस कार्यक्रम में सात जिले के मुखिया शामिल हुए थे. जिसमें हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, चतरा, धनबाद, गिरिडीह और कोडरमा जिले से मुखिया पहुंचे थे. कार्यक्रम में मुखिया को पंचायती राज व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई. बताया गया कि 15वीं वित्त आयोग का पैसा मुखिया तक बहुत जल्द पहुंचने वाला है. उत्तरी छोटानागपुर में लगभग 165 करोड़ रुपए मुखिया के खातों में आएगा. जिससे वे अपने पंचायत का विकास कर पाएंगे.
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने दी जानकारी
कार्यक्रम में पहुंची मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार मुखिया के साथ खड़ी है. पंचायत का विकास करना सरकार की पहली प्राथमिकता है. राज्य सरकार मुखिया को वित्तीय सहयोग देने जा रही है. पंचायत स्तर पर सरकारी योजना अंतिम पायदान तक पहुंचे, इसे लेकर काम किया जा रहा है. ग्रामीण सरकारी योजना का लाभ उठाएं. जहां पंचायत भवन नहीं है, वहां भी बहुत जल्द पंचायत भवन बनाया जाएगा. गांव को स्वच्छ सुंदर बनाने में मुखिया का महत्वपूर्ण योगदान है. उन्होंने यह भी कहा की मुखिया पंचायत के मुख्यमंत्री के समान होते हैं. वे अपने पंचायत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं.
कार्यशाला में पहुंचे अलग अलग पंचायत से मुखिया ने बताया कि राज्य सरकार में मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने आश्वस्त किया है कि वित्तीय सहायता पंचायत को मिलने जा रही है. मुखिया ने कहा कि कार्यक्रम बेहद सकारात्मक रहा है. उनलोगों को उम्मीद है कि जो वादा मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने किया है, वह जल्द पूरी करेंगे.
जल्द अबुआ आवास योजना का पहुंचे लाभ: प्रदेश मुखिया संघ के उपाध्यक्ष
प्रदेश मुखिया संघ के उपाध्यक्ष सुबोध कुमार यादव ने सरकार से मांग की है कि 15वीं वित्त आयोग का पैसा जल्द से जल्द आवंटित किया जाए. क्योंकि अब कार्यकाल भी समाप्त होने वाला है. पंचायत के विकास को लेकर ग्रामीण हमेशा मांग उठाते आए हैं. फंड के अभाव में पंचायत का विकास नहीं हो पाया है. साथ ही उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-25 की स्वीकृत अबुआ आवास योजना का लाभ जल्द दिए जाने की मांग की है.


