चीनी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी Xiaomi ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक सेडान, Xiaomi SU7 को 2026 मॉडल ईयर के लिए एक बड़ा टेक अपग्रेड दिया है. इस सेडान में किए गए बदलावों की बात करें तो इसमें ऑन-बोर्ड टेक्नोलॉजी में कई अपग्रेड शामिल किए गए हैं, और इसके साथ ही कुछ ऐसे फीचर्स को भी सभी के लिए उपलब्ध कराया गया है, जो पहले सिर्फ टॉप वेरिएंट तक ही सीमित थे. Xiaomi ने यह भी दावा किया गया है कि नई SU7 के प्लेटफॉर्म में भी बड़े सुधार किए गए हैं, ताकि गाड़ी की राइड और हैंडलिंग को बेहतर बनाया जा सके.
2026 Xiaomi SU7 सेडान का डिजाइन
इसमें किए गए कॉस्मेटिक्स बदलावों की बात करें तो, इसकी बाहरी बनावट में किए गए बदलाव ज़्यादा साफ़ नज़र नहीं आते. इसमें सामने के एयर इनटेक में कुछ छोटे-मोटे बदलाव किए गए हैं. अब यहां पर 4D मिलीमीटर वेव रडार को ग्रिल में ही इंटीग्रेट कर दिया गया है, और नई SU7 में ब्रेक कूलिंग डक्ट्स भी ज़्यादा चौड़े दिए गए हैं.
दूसरे कॉस्मेटिक अपडेट्स में नए व्हील डिज़ाइन और नए कलर ऑप्शन शामिल मिलते हैं, जिन्हें SU7 Ultra और YU7 SUV से लिया गया है. इसके अलावा, कंपनी का कहना है कि नई SU7 का 90 प्रतिशत तक का बॉडीशेल अब अल्ट्रा-हाई स्ट्रेंथ स्टील और एल्युमिनियम अलॉय से बनाया गया है, जिससे इसकी स्ट्रक्चरल मज़बूती और सुरक्षा बेहतर हुई है.
इसके साथ ही, इस नई सेडान में एक छिपा हुआ इंटीग्रेटेड रोल केज भी दिया गया है. इसके अलावा, चीन के हालिया नियमों के मुताबिक, इस सेडान के दरवाज़ों के हैंडल में अब एक मैकेनिकल केबल मैकेनिज्म भी दिया गया है.

2026 Xiaomi SU7 सेडान का इंटीरियर
कार के इंटीरियर की बात करें तो कंपनी का कहना है कि उनका ध्यान केबिन की क्वालिटी को बेहतर बनाने पर रहा है, साथ ही पूरी रेंज में और भी ज़्यादा फ़ीचर्स जोड़कर मालिकों को एक प्रीमियम एक्सपीरिएंस देने पर भी ज़ोर दिया गया है. सीटों की बात करें तो इसमें आगे की सीटें स्टैंडर्ड तौर पर हीटेड और वेंटिलेटेड दी गई हैं.
कार में ड्राइवर की सीट में 18 तरह से इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट की सुविधा है, साथ ही बेहतर सपोर्ट और 60 mm तक बढ़ाया जा सकने वाला नया पावर्ड लेग रेस्ट भी दिया गया है. इसके अलावा, आगे बैठे यात्री को अब 123 डिग्री तक झुकने वाली नई ‘ज़ीरो-ग्रेविटी’ सीट और सीट मसाज का विकल्प दिया गया है.
कंपनी का दावा है कि पीछे की सीटों की कुशनिंग को भी बेहतर बनाया गया है, और उनकी बैकरेस्ट को 121 डिग्री तक पीछे झुकाया जा सकता है. सेंटर फ़्लोर कंसोल को भी नए सिरे से डिज़ाइन किया गया है, और इसमें अब एक बेहतर ‘कूल्ड स्टोरेज’ की सुविधा भी दी गई है.
सभी चारों दरवाज़ों पर अकॉस्टिक लैमिनेटेड ग्लास स्टैंडर्ड तौर पर मिलता है, जबकि टॉप-स्पेक Max में विंडशील्ड और पैनोरमिक ग्लास रूफ़ में भी अकॉस्टिक ग्लास मिलता है. इसके साथ ही, केबिन को ज़्यादा शांत बनाने के लिए इसमें अतिरिक्त साउंड डेडनिंग भी दी गई है.

कार में पैनोरमिक ग्लास रूफ़ पूरी रेंज में स्टैंडर्ड तौर पर मिलता है. वहीं, Max ट्रिम में टू-ज़ोन इलेक्ट्रोक्रोमिक डिमिंग फ़ीचर मिलता है, जिससे एक बटन दबाकर आगे और पीछे के हिस्सों की ओपेसिटी (अपारदर्शिता) को अलग-अलग एडजस्ट किया जा सकता है.
कंपनी ने कार के अंदर के सॉफ़्टवेयर को भी अपग्रेड किया है, ताकि कार के अंदर मौजूद सभी छह डिस्प्ले पर यूज़र को ज़्यादा आसान और बेहतर एक्सपीरिएंस मिल सके.
कंपनी का कहना है कि AI वॉइस असिस्टेंट को भी पूरी तरह से नया डिजाइ दिया गया है, जिससे ‘ज़्यादा स्वाभाविक और आसान बातचीत’ हो सके. इसके साथ ही, इसमें एक ऐसी मेमोरी बैंक भी मिलती है, जो एक यात्रा से आगे की पिछली बातचीत को भी याद रख सकती है.
यह असिस्टेंट एक ही कमांड पर कई अलग-अलग ऐप्स में काम करने में भी सक्षम है. Xiaomi का कहना है कि कार के नेविगेशन सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया है, ताकि यह लेन-लेवल नेविगेशन दिखा सके और ज़्यादा आसान वॉइस कमांड दे सके.

2026 Xiaomi SU7 सेडान का प्लेटफॉर्म
कार के प्लेटफ़ॉर्म की बात करें तो, कंपनी का कहना है कि नई SU7 अब Xiaomi Smart Chassis 2.0 के साथ पेश की गई है, जिससे इसके अंदर कुछ अपग्रेड्स मिलते हैं. इस कार में नया डबल विशबोन फ्रंट और फाइव-लिंक रियर सस्पेंशन स्टैंडर्ड तौर पर दिया है, जबकि ऊंचे वेरिएंट्स में सेंसर-आधारित एक्टिव एडैप्टिव डैम्पिंग और एयर स्प्रिंग्स मिलते हैं.
Xiaomi का कहना है कि एडैप्टिव सस्पेंशन सिस्टम यूज़र्स को न सिर्फ़ एक बटन दबाकर गाड़ी को ऊपर-नीचे करने की सुविधा देता है, जिससे कार 20 mm नीचे और 30 mm तक ऊपर हो सकती है, बल्कि GPS लोकेशन के आधार पर सस्पेंशन सेटिंग्स को सेव करने की सुविधा भी देता है, ताकि मैप पर किसी खास जगह पर पहुंचने पर गाड़ी अपने-आप ऊपर या नीचे हो जाता है.
2026 Xiaomi SU7 सेडान के फीचर्स
साल 2026 मॉडल के लिए इस कार में ऑटोनॉमस-ड्राइविंग टेक्नोलॉजी को भी अपग्रेड किया गया है. इस कार में स्टैंडर्ड-फिट LiDAR, 4D मिलीमीटर वेव रडार, 11 कैमरे और 12 सेंसर्स लगाए गए हैं, जिन्हें NVIDIA के Drive AGX Thor कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म का सपोर्ट मिलता है, ताकि तेज़ी से रिस्पॉन्स मिल सके.
नई 2026 Xiaomi SU7 के अन्य फीचर्स की बात करें तो इसमें ‘मोशन सिकनेस रिलीफ मोड’ शामिल है, जिसे पहली बार YU7 SUV में इस्तेमाल किया गया था, और साथ ही इसमें वॉइस-कमांड पर आधारित सेल्फ-पार्किंग की सुविधा भी दी गई है. Xiaomi का दावा है कि Xiaomi SU7 का कंप्यूटिंग सिस्टम पब्लिक कार पार्कों में पार्किंग स्पॉट-लेवल तक नेविगेशन की सुविधा भी देता है.

2026 Xiaomi SU7 सेडान की पावर आउटपुट
इस कार में मिलने वाले पावर आउटपुट की बात करें तो कंपनी का कहना है कि नई SU7 के सभी वेरिएंट में V6s Plus इलेक्ट्रिक का इस्तेमाल किया गया है. ये मोटर बेस Standard और Pro ट्रिम में 315 bhp की पावर उत्पन्न करती हैं, जबकि टॉप-एंड ऑल-व्हील-ड्राइव Max स्पेसिफिकेशन में ये कुल मिलाकर 681 bhp की पावर प्रदान करती हैं.
बैटरी विकल्पों की बात करें तो इसमें 73 kWh (Standard), 96.3 kWh (Pro) और 101.7 kWh (Max) बैटरी पैक का इस्तेमाल किया गया है. वेरिएंट के आधार पर, ये CLTC साइकिल पर 902 km तक की रेंज प्रदान करती हैं. Xiaomi का दावा है कि नई SU7 Max सिर्फ 3.03 सेकंड में 0 से 100 kmph की रफ्तार पकड़ सकती है, और इसकी टॉप स्पीड 265 किमी प्रति घंटा है.
Xiaomi का कहना है कि नई SU7 5.2C तक की पीक चार्जिंग को सपोर्ट करती है, जिसकी मदद से यह 10 से 80 प्रतिशत तक सिर्फ 12 मिनट में चार्ज हो सकती है, और 15 मिनट की चार्जिंग से 670 km तक की रेंज मिल जाती है. कंपनी का कहना है कि उसने तीनों वेरिएंट्स में ब्रेक्स को भी अपग्रेड किया है.


