पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बिहार दिवस समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।
इसके बाद उन्होंने गुब्बारों को उड़ाया और मंच से लोगों का अभिवादन किया। लोगों ने भी जोरदार तालियों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
बिहार के 114वें स्थापना दिवस समारोह का थीम ”उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार” है, जिस पर केंद्रित विभिन्न विभागों के आकर्षक ढंग से निर्मित पंडाल और पवेलियन आमलोगों के आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं।
24 मार्च तक मचेगी समारोह की धूम
24 मार्च तक चलने वाले इस समारोह में शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। वहीं विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।
उद्घाटन समारोह के बाद कलाकारों ने बिहार गौरव गान की शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से संबंधित लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के पवेलियन का भ्रमण किया और आपदा प्रबंधन पर आधारित लगायी गयी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस मौके पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डा. उदयकांत ने पुष्प गुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग के पवेलियन में पहुंचे और शैक्षणिक योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने दिव्यांग छात्र-छात्राओं हेतु संवर्द्धन कक्ष, विज्ञान प्रयोगशाला, कला कक्ष, स्मार्ट क्लास, व्यावसायिक शिक्षा कक्ष, अटल टिंकरिंग लैब, आइसीटी कक्ष, ईको क्लब बाल संसद, खेल कक्ष, निपुण कक्ष, बाल वाटिका आदि का जायजा लिया।

दोनों डिप्टी सीएम व मंत्री रहे मौजूद
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। उद्घाटन समारोह के अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, रामकृपाल यादव, अशोक चौधरी, दीपक प्रकाश, लखेन्द्र कुमार रौशन मौजूद थे।
इनके अलावा जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, विधान पार्षद ललन सर्राफ, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार आदि भी उपस्थित थे।


