Thursday, March 19, 2026

गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना ₹1,47,627 और चांदी ₹2,33,303 पर आ गई.

Share

अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेतों और घरेलू स्तर पर भारी मुनाफावसूली के चलते सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज दोपहर के सत्र में कीमतों में बड़ी गिरावट देखी गई. सोने का वायदा भाव 3.53 फीसदी या 5,398 रुपये की भारी गिरावट के साथ 1,47,627 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर ट्रेड करता दिखा.

वहीं, चांदी की स्थिति और भी खराब रही. घरेलू वायदा बाजार में चांदी 6 फीसदी या 14,891 रुपये टूटकर 2,33,303 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई.

15 दिनों में भारी नुकसान
आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले 15 दिनों में कीमती धातुओं ने अपनी चमक काफी खो दी है. पिछले 15 दिनों के भीतर सोने की कीमतों में 14,029 रुपये प्रति 10 ग्राम की कटौती हुई है. चांदी का भाव इसी अवधि में 32,257 रुपये प्रति किलोग्राम तक गिर गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि इतनी कम अवधि में इतनी बड़ी गिरावट पिछले कई महीनों में नहीं देखी गई थी.

हाजिर बाजार के ताजा भाव
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, आज विभिन्न शुद्धता वाले सोने के भाव कुछ इस प्रकार रहे.

  • 24 कैरेट सोना: ₹1,51,640 प्रति 10 ग्राम
  • 22 कैरेट सोना: ₹1,48,000 प्रति 10 ग्राम
  • 18 कैरेट सोना: ₹1,22,830 प्रति 10 ग्राम
  • 14 कैरेट सोना: ₹97,810 प्रति 10 ग्राम

गिरावट के पीछे के बड़े कारण
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को उच्च स्तर पर बनाए रखने के संकेतों ने डॉलर को मजबूती दी है. इसके अलावा, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव में मामूली कमी और बड़े हेज फंड्स द्वारा की गई मुनाफावसूली ने बाजार पर दबाव बनाया है. घरेलू बाजार में शादियों के सीजन के बीच इतनी बड़ी गिरावट ने ग्राहकों को खरीदारी का एक सुनहरा मौका दिया है.

हालमार्क ही है असली सोने की पहचान
अगर आप सोने के गहने खरीदने जा रहे हैं तो कभी भी क्वालिटी से समझौता न करें. हॉलमार्क देखकर ही गहने खरीदें, क्योंकि यही सोने की सरकारी गारंटी है. भारत में ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) हॉलमार्क का निर्धारण करता है. हर कैरेट के हॉलमार्क अंक अलग होते हैं, जिसे ध्यान से रखकर ही सोना खरीदें. अगर आप ऐसा नही करते हैं तो आपके सोने में मिलावट भी हो सकती है तो हमेशा जांच परख कर ही खरीदी करें.

Read more

Local News