स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Oppo India ने भारत में अपना नया Oppo A6s 5G स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया है. Oppo A सीरीज़ का यह नया स्मार्टफ़ोन दो अलग-अलग कलर ऑप्शन्स और दो RAM और स्टोरेज कॉन्फ़िगरेशन में उतारा गया है. इस फोन में MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट का इस्तेमाल किया गया है.
इसमें डुअल रियर कैमरा यूनिट मिलता है, जिसका मुख्य सेंसर 50-मेगापिक्सल का है. Oppo A6s 5G में 6,500mAh की बैटरी लगाई गई है, जिसके बारे में कंपनी का दावा है कि यह 882.1 घंटे तक का कुल स्टैंडबाय बैकअप और 22.4 घंटे तक का वीडियो प्लेबैक देती है. यह नया लॉन्च हुआ फ़ोन Amazon, Flipkart और Oppo India की वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा.
Oppo A6s 5G की भारत में कीमत
कीमत की बात करें तो नए Oppo A6s 5G के 4GB+128GB वेरिएंट को 18,999 रुपये की कीमत पर उतारा गया है. वहीं 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले टॉप-एंड मॉडल की कीमत 20,999 रुपये है. बता दें कि यह अभी भारत में Amazon, Flipkart, Oppo Store और मेनलाइन रिटेल आउटलेट्स के ज़रिए Aurora Gold और Plum Purple कलर ऑप्शन में खरीदने के लिए उपलब्ध है.
नए Oppo A6s 5G खरीदने वाले ग्राहक 1,000 रुपये का इंस्टेंट कैशबैक पा सकते हैं. इसके अलावा, कंपनी SBI Cards, Kotak Mahindra Bank, IDFC First Bank, BOB Cards, Yes Bank, Federal Bank और DBS सहित चुनिंदा क्रेडिट कार्ड्स पर तीन महीने की No Cost EMI भी प्रदान कर रही है.
Oppo A6s 5G के स्पेसिफिकेशन
नया Oppo A6s 5G ColorOS 15 के साथ आता है, और इसमें 6.75-इंच का LCD डिस्प्ले इस्तेमाल किया गया है, जिसमें 120Hz का अडैप्टिव रिफ्रेश रेट मिलता है. इस डिस्प्ले की खासियत यह है कि यह 1125 nits तक की पीक ब्राइटनेस देता है. यह MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट के साथ आता है, जिसके साथ 6GB तक RAM और 128GB स्टोरेज मिलती है.
इसमें AI GameBoost फीचर भी मिलता है, जिसके बारे में कंपनी ने दावा किया है कि यह स्मार्टफोन पर गेमिंग के एक्सपीरिएंस को बेहतर बनाता है, और इसके साथ ही, भीड़भाड़ वाले और कम नेटवर्क वाले इलाकों में बेहतर कनेक्टिविटी के लिए इसमें AI LinkBoost 3.0 फीचर भी दिया गया है.
Oppo A6s 5G का कैमरा सेटअप
कैमरा सेटअप पर नजर डालें तो, नए Oppo A6s 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलता है, जिसमें 50-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और 2-मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर मिलता है. इसमें सामने की तरफ, सेल्फ़ी और वीडियो चैट के लिए 5-मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है. कनेक्टिविटी के लिए 5G, ब्लूटूथ, GPS, Wi-Fi और USB Type-C पोर्ट जैसे विकल्प दिए गए हैं. इसमें स्टीरियो स्पीकर भी मिलते हैं.
Oppo A6s 5G की बैटरी और चार्जिंग
बैटरी पैक की बात करें तो नए Oppo A6s 5G में 6,500mAh की बैटरी दी गई है, जो 44W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है. कंपनी का दावा है कि यह बैटरी एक बार चार्ज करने पर 882.1 घंटे तक का कुल स्टैंडबाय टाइम और 22.4 घंटे तक का वीडियो प्लेबैक टाइम देती है.
फोन के 44W फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी के बारे में कंपनी का दावा है कि यह 30 मिनट में बैटरी को 1 प्रतिशत से 41 प्रतिशत तक चार्ज कर देती है. इस स्मार्टफोन की मोटाई 8.61mm है और इसका वज़न लगभग 212g है.


