आदित्य धर की निर्देशित आगामी थ्रिलर एक्शन एंटरटेनर ‘धुरंधर 2’, जिसका ऑफिशियल टाइटल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ अपनी थिएट्रिकल रिलीज से पहले ही जबरदस्त चर्चा बटोर रही है, जिसकी वजह से यह शुरुआती बॉक्स ऑफिस पर दमदार ओपनिंग की ओर इशारा कर रहा है. रिलीज में अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं, और फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े सब कुछ बयां कर रहे हैं. यह दर्शकों की भारी दिलचस्पी और रिलीज से पहले बने जबरदस्त माहौल को दर्शाता है.
आदित्य धर की फिल्म में रणवीर सिंह एक बार फिर से लीड करते दिखेंगे. वह एक बार फिर दमदार और निडर हमजा अली के रूप में वापसी कर रहे हैं. ‘धुरंधर 2’ में जसकीरत सिंह की पिछली कहानी दिखाई जाएगी. आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह सीक्वल वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां पहली फिल्म खत्म हुई थी, और इस बार कहानी में रोमांच पहले से ज्यादा है.
फैंस के बीच बढ़ते उत्साह और बॉक्स ऑफिस पर मिल रहे शुरुआती अच्छे संकेतों को देखते हुए, ऐसा लग रहा है कि ‘धुरंधर 2’ पहले ही दिन से दर्शकों को बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रहेगी.
पैन-इंडिया रिव्यू ने धुरंधर 2 के ओपनिंड डे का प्रेडिक्शन शेयर किया है. पैन-इंडिया रिव्यू के शुरुआती अनुमानों के अनुसार, रणवीर सिंह अभिनीत यह फिल्म भारत में अपने ओपनिंग डे पर लगभग 85-95 करोड़ रुपये का कलेक्शन करने की उम्मीद है.
वहीं, स्पेशल पेड प्रीव्यू शो से 30 से 32 करोड़ रुपये की शानदार कमाई होने का अनुमान है, जिससे फिल्म की कुल ओपनिंग आंकड़ों को और भी बढ़ावा मिलने में मदद होगी. अगर यह अनुमान सही साबित हुआ तो रणवीर सिंह की एक्शन थ्रिलर भारत में पहले ही दिन 150 करोड़ का आंकड़ा आराम से छू लेगी.
ओवरसीज की बात करें तो पैन इंडिया रिव्यू के मुताबिक, फिल्म पेड प्रीव्यू के प्रीमियर से 30 करोड़ रुपये के आस-पास कलेक्शन कर सकती है. वहीं ओपनिंग डे पर 35 से 40 करोड़ रुपये का कलेक्शन होने की उम्मीद है. इस तरह ‘धुरंधर 2’ पहले दिन दुनिया भर में 210 से 220 करोड़ रुपये की कमाई कर सकती है.
अगर पैन इंडिया रिव्यू का यह अनुमान सही निकलता है तो ‘धुरंधर 2’ बॉलीवुड की बिगेस्ट ओपनर फिल्म बनकर उभरेगी. यह खिताब अब तक शाहरुख खान की फिल्म ‘जवान’ के नाम है. आईएमबीडी के अनुसार, जवान ने ओपनिंग डे पर 126.4 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था.
रणवीर सिंह के अलावा, ‘धुरंधर 2’ में आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी भी वापसी कर रहे हैं. अक्षय खन्ना, जिन्होंने पहले भाग में विलेन ‘रहमान डकैत’ का किरदार निभाया था, फिल्म में कैमियो के तौर पर नजर आ सकते हैं. यह स्पाई थ्रिलर फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने वाली है. यह 5 भाषाओं हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम रिलीज होगी. बॉक्स ऑफिस पर यह तेलुगु सुपरस्टार पवन कल्याण की फिल्म उस्ताद भगत सिंह को कड़ी टक्कर देगी.


