Saturday, March 14, 2026

ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह ने बिहार में बिजली बिल के बड़े बकायेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Share

ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह ने बिहार में बिजली बिल के बड़े बकायेदारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने डिफाल्टरों की सूची नियमित रूप से अपडेट करने, राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और डबल कनेक्शन रोकने को कहा।

पटना। बिजली बिल के बड़े बकायेदारों की अब खैर नहीं। उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बकायेदारों की सूची को अब नियमित रूप से अपडेट किया जाएगा।

ऊर्जा सचिव एवं बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को विद्युत भवन में दोनों बिजली वितरण कंपनियों की राजस्व समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में राजस्व संग्रहण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा बकाया वसूली को और तेज करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

डिफाल्टरों की लिस्ट करें अपडेट

ऊर्जा सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डिफाल्टर उपभोक्ताओं की सूची को नियमित रूप से अद्यतन किया जाए और सभी बकायेदारों विशेषकर बड़े बकायेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

राजस्व संग्रहण में तेजी लाने, बकायेदारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने तथा डबल कनेक्शन पर पूर्ण रूप से रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अधिकारियों को यह भी कहा गया कि ऐसे मामलों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि राजस्व नुकसान को रोका जा सके।

बैठक में साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को 31 मार्च तक 100-100 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रहण करने का लक्ष्य दिया गया। इस अवसर पर राज्य के वितरण कंपनियों के वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Read more

Local News