Thursday, March 12, 2026

पश्चिम चंपारण के रामनगर में मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के तहत 39,000 महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि मिली है।

Share

पश्चिम चंपारण के रामनगर में मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के तहत 39,000 महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि मिली है। यह राशि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और छोटे व्यवसाय शुरू करने के लिए दी गई है।

मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना के तहत महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए 10 हजार रुपये की सहायता राशि उनके खातों में भेजी गई है, ताकि वे अपना छोटा व्यवसाय शुरू कर सकें।

इस योजना के तहत प्रखंड के विभिन्न पंचायतों और गांवों से करीब 38,787 महिलाओं ने आवेदन किया था, जबकि नगर क्षेत्र से 3,331 आवेदन प्राप्त हुए। इस तरह नगर और प्रखंड को मिलाकर कुल 42,118 आवेदन आए थे।

इनमें से करीब 39 हजार लाभार्थियों के खातों में 10-10 हजार रुपये की राशि भेज दी गई है। लाभार्थियों में जीविका से जुड़ी दीदियों के अलावा नए आवेदक भी शामिल हैं।

जीविका कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, नगर और प्रखंड मिलाकर 1,231 ऐसे लाभार्थी हैं, जिनके आधार कार्ड में नाम या अन्य तकनीकी त्रुटि होने के कारण उनके खाते में राशि नहीं पहुंच पाई।

वहीं 1,825 लाभार्थियों का डीबीटी (Direct Benefit Transfer) फेल हो गया, जिसके कारण पैसे भेजे जाने के बावजूद उनके खाते में राशि जमा नहीं हो सकी।

इस संबंध में जीविका की प्रखंड परियोजना प्रबंधक रतना प्रिया ने बताया कि डीबीटी में हुई गड़बड़ियों को ठीक करने के बाद कुछ लाभार्थियों के खातों में पैसे पहुंच चुके हैं। अन्य लाभार्थियों के खातों में भी समस्या दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि लाभार्थियों को आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों में सुधार कराने के लिए समझाया जा रहा है, ताकि उनकी राशि जल्द से जल्द उनके खाते तक पहुंच सके।

उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन लोगों ने आवेदन किया है, लगभग सभी के खातों में यह राशि पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक निर्धारित थी।

Read more

Local News