स्मार्टफोन बाजार में लगातार नए मॉडल लॉन्च हो रहे हैं और इसी कड़ी में वीवो के सब-ब्रांड आइकू ने भारत में अपना नया स्मार्टफोन iQOO Z11x 5G लॉन्च कर दिया है. यह फोन Z11 सीरीज का एक नया मॉडल है. इस फोन को कंपनी ने खासतौर पर उन यूज़र्स को ध्यान में रखते हुए पेश किया है, जो मिड-रेंज कीमत में दमदार बैटरी और अच्छा परफॉर्मेंस चाहते हैं.
iQOO Z11x 5G में 6.76 इंच की बड़ी LCD डिस्प्ले दी गई है. यह स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है जिससे स्क्रॉलिंग और गेमिंग का अनुभव काफी स्मूथ रहता है. डिस्प्ले में 1,200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस और 1080×2344 पिक्सल का रिजॉल्यूशन मिलता है. कंपनी का दावा है कि फोन को IP68 और IP69+ रेटिंग दी गई है, जिससे यह धूल और पानी से सुरक्षित रहता है.
iQOO Z11x 5G: प्रोसेसर, कैमरा और बैटरी
परफॉर्मेंस के लिए इस स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 7400 Turbo प्रोसेसर दिया गया है, जो 4nm प्रोसेस पर बना है. इसमें चार परफॉर्मेंस कोर 2.6GHz की स्पीड पर काम करते हैं, जबकि चार एफिशिएंसी कोर 2.0GHz पर चलते हैं. फोन में 8GB तक LPDDR4x RAM और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है. सिक्योरिटी के लिए इसमें साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है.
कैमरा की बात करें तो iQOO Z11x 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलता है. इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जिसके साथ 2MP का बोकेह सेंसर मौजूद है. वहीं सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है. इस स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी बड़ी बैटरी है. फोन में 7,200mAh की बैटरी दी गई है जो 44W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है. कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5G, 4G LTE, ड्यूल बैंड Wi-Fi, Bluetooth 5.4 और USB Type-C पोर्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं. कुल मिलाकर यह फोन बड़ी बैटरी, दमदार प्रोसेसर और अच्छे कैमरे के साथ मिड-रेंज सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आया है.
iQOO Z11x 5G: कीमत, बिक्री और ऑफर्स
iQOO Z11x 5G को भारत में तीन स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च किया गया है. इसका बेस वेरिएंट 6GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ आता है, जिसकी कीमत 18,999 रुपये है. इस फोन का दूसरा वेरिएंट 8GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ आता है, जिसकी कीमत 20,999 रुपये है. इस फोन का तीसरा वेरिएंट 8GB RAM और 256GB स्टोरेज के साथ आता है, जिसकी कीमत 22,999 रुपये है.
अगर आप इस फोन को खरीदने के लिए एक्सिस बैंक और एसबीआई क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करेंगे तो आपको 2,000 रुपये तक का इंस्टेंट डिस्काउंट भी मिलेगा. इस फोन की बिक्री 16 मार्च की दोपहर 12 बजे से अमेज़न पर शुरू होगी. कंपनी ने इस फोन को प्ररिस्मैटिक ग्रीन और टाइटन ब्लैक कलर ऑप्शन में लॉन्च किया है.


