Wednesday, March 11, 2026

रामनवमी में डीजे पर प्रतिबंध को लेकर सदन में जमकर बयानबाजी हुई.

Share

रांचीः बजट सत्र के 11वें दिन प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने हिंदू त्यौहारों को साजिश के तहत टारगेट करने का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि हजारीबाग में मंगला जुलूस के दौरान डीजे पर प्रतिबंध लगा दिया गया. वहां के श्रद्धालुओं को प्रताड़ित किया जा रहा है. उन्हें धमकाया जा रहा है. जब रामनवमी की बात होती है तो सत्ता पक्ष के लोग गैस सिलेंडर और तेल की बात करने लगते हैं. इस दौरान सदन में जमकर हंगामा हुआ. विपक्षी विधायक वेल में आकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. किसी तरह स्पीकर ने सदन को ऑर्डर में लाया.

इस दौरान कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि यह राज्य इनके बाबूजी का नहीं है कि इनके हर सवाल पर सरकार जवाब दे. उन्होंने कहा कि लोग शांति से पर्व मनाना चाहते हैं लेकिन भाजपा के लोग उसपर राजनीति करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत डीजे पर रोक लगती है. मुसलमानों के पर्व के दौरान भी डीजे पर रोक लगती है.

हंगामे के बीच स्पीकर ने कहा कि इसबार विधानसभा बिना व्यवधान के चलता आ रहा है. इस रिकॉर्ड को टूटने नहीं देना चाहिए. उन्होंने आग्रह किया कि निर्बाध गति से सदन को चलने देना चाहिए.हिंदू नहीं हिंदुस्तान खतरे मेंः राधाकृष्ण किशोर

संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि डीजे कितने बजे तक बजेगा और कब तक बंद हो जाएगा, इसका धर्म से कोई लेना देना नहीं है. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत यह कार्रवाई की जाती है. बिहार में भी रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर प्रतिबंध है. इसको धर्म से जोड़कर नहीं देखना चाहिए.

संसदीय कार्यमंत्री ने कहा कि आज हिंदू खतरे में नहीं बल्कि हिंदुस्तान खतरे में है. हमारे समुद्रीय क्षेत्र में अमेरिका आकर हमारे मित्र ईरान के युद्धपोत पर हमला करता है लेकिन हम एक शब्द नहीं बोल पाते. पूरे देश में जो स्थिति उत्पन्न हो गई है, उससे झारखंड अछूता नहीं है. गैस और पेट्रोल की किल्लत हो गई है. लेकिन केंद्र की सरकार घुटने टेककर बैठी हुई है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. आज इंदिरा गांधी होतीं तो बतातीं कि भारत का पूरे विश्व में क्या महत्व है. उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान खतरे में है. उसको बचाने की जरुरत है.

Read more

Local News