मशहूर रैपर-सिंगर और सॉन्ग राइटर बादशाह अपने नए गाने टटिहरी को लेकर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं. हरियाणा महिला आयोग के बाद उन पर हरियाणा पुलिस ने शिकंजा कंसा है. स्थानीय पुलिस ने बादशाह के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है. साथ ही सिंगर की गिरफ्तारी के लिए टीमें भी लगा दी है.
हरियाणा पुलिस ने रैपर बादशाह उर्फ आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया के गाने टटिहरी को लेकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. गाने में गंदे शब्दों और इशारों के इस्तेमाल के लिए रैपर के खिलाफ हाल ही में एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
हरियाणा पुलिस ने शनिवार, 7 मार्च को एक्स हैंडल पर बादशाह को लेकर एक पोस्ट जारी किया, जिसमें उन्होंने लिखा है, आपत्तिजनक गीत टटिहरी मामले में हरियाणा पुलिस की सख्त कार्रवाई. गायक आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज। आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू, पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए नोटिस जारी. गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.’
पुलिस ने आगे लिखा है, ‘पंचकूला पुलिस ने यूट्यूब से विवादित गाना हटवाया, अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी वीडियो हटवाने की कार्रवाई जारी. आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर भी होगी सख्त कानूनी कार्रवाई.’ अधिकारियों ने बादशाह को पुलिस के सामने पेश होने के लिए एक नोटिस भी दिया है.
हरियाणा पुलिस के मुताबिक, मामले के सिलसिले में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं. गाने को दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं. पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. हरियाणा पुलिस ने साफ तौर पर कहा कि आपत्तिजनक कंटेंट शेयर करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.’
रैपर बादशाह के खिलाफ पंचकूला के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एक लोकल निवासी और सोशल एक्टिविस्ट की लिखित शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज की गई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके हरियाणवी गाने टटिहरी के म्यूजिक वीडियो में आपत्तिजनक बोल, गंदे इशारे और ऐसे विजुअल हैं जो अश्लीलता को बढ़ावा देते हैं और महिलाओं का अपमान करते हैं. फिलहाल बादशाह ने अब तक कोई माफी नहीं मांगी है और न ही इस मामले पर बात की है.


