बार्सिलोना में चल रहे मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC 2026) के दौरान वीवो ने अपने अपकमिंग स्मार्टफोन्स को लेकर काफी चर्चा बटौरी है. कंपनी का मुख्य फोकस तो Vivo X300 Ultra पर रहा, लेकिन कुछ ऐसी ख़बरें सामने आई हैं कि X300 Series का एक और फोन भी शो फ्लोर पर देखा गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फोन Vivo X300 Max हो सकता है, जिसे कंपनी जल्द लॉन्च कर सकती है.
जानकारी के अनुसार, यह स्मार्टफोन MediaTek के नए Dimensity 9500 चिपसेट से जुड़े एक प्रेजेंटेशन के दौरान दिखाई दिया था. हालांकि, वीवो ने आधिकारिक तौर पर फोन का नाम नहीं बताया है, लेकिन WinFuture के एडिटर Roland Quandt ने इशारा किया है शायद यह डिवाइस Vivo X300 Max है. उन्होंने जो पिक्चर्स शेयर की हैं, उनमें फोन का मॉडल नंबर V2548A नज़र आता है.
पिक्चर्स में फोन का रियर कैमरा मॉड्यूल भी साफ दिखाई देता है. इसमें Zeiss की ब्रांडिंग दी गई है, जो वीवो के कैमरा पार्टनर के रूप में जानी जाती है. कैमरा मॉड्यूल में Zeiss लोगो के दोनों तरफ दो कैमरे लगाए गए हैं, जबकि एक तीसरा कैमरा ऊपर की तरफ दिख रहा है. फिलहाल, यह साफ नहीं है कि फोन में चौथा कैमरा सेंसर भी दिया जाएगा या नहीं.
3C सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर भी हुआ स्पॉट
इस मॉडल नंबर को हाल ही में चीन की 3C सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर भी देखा गया था. वहां से पता चला था कि फोन 90W फास्ट वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट कर सकता है. ऐसा माना जा रहा है कि X300 सीरीज़ के अन्य फोन्स की तरह इसमें भी MediaTek Dimensity 9500 प्रोसेसर दिया जाएगा. इसके अलावा वीवो के एक सीनियर एग्जीक्यूटिव Han Bo Xiao ने भी Weibo पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें यही फोन दिखाई देता है. इससे यह अटकलें और मजबूत हो गई हैं कि MWC में दिखा फोन असल में Vivo X300 Max ही है.
Han Bo Xiao ने यह भी बताया कि कंपनी एक नया AI बेस्ड इमेजिंग सिस्टम लाने की तैयारी कर रही है. यह सिस्टम फोटो खींचने की प्रक्रिया को आसान और ज्यादा स्मार्ट बना देगा. बताया जा रहा है कि यह टेक्नोलॉजी MediaTek Dimensity 9500 चिपसेट और वीवो के V3+ इमेजिंग चिप के साथ मिलकर काम करेगी. लीक्स के मुताबिक Vivo X300 Max में 6.78 इंच का LTPO OLED डिस्प्ले मिल सकता है, जिसका रिजॉल्यूशन 1440p होगा. इसके साथ ही फोन में लगभग 7,000mAh की बड़ी बैटरी मिलने की भी उम्मीद है. रिपोर्ट्स की मानें तो यह स्मार्टफोन मार्च में लॉन्च हो सकता है.


