Monday, March 2, 2026

देशभर में अलग-अलग राज्यों को मिलाकर इस महीने 18 दिन बैंक बंद रहेंगे.

Share

 मार्च 2026 में वित्तीय वर्ष के आखिरी महीने में बैंकिंग कामकाज सीमित रहने वाला है. भारतीय रिजर्व बैंक की छुट्टी सूची के अनुसार देशभर में अलग-अलग राज्यों को मिलाकर इस महीने 18 दिन बैंक बंद रहेंगे, जबकि बिहार में करीब 12 दिन शाखाएं बंद रहने का अनुमान है. ऐसे में जरूरी बैंकिंग काम टालना भारी पड़ सकता है.

बिहार के बैंक ग्राहकों के लिए मार्च का महीना चुनौतियों भरा रहने वाला है. यदि आपका चेक क्लियरेंस, ड्राफ्ट या बैंक शाखा से जुड़ा कोई जरूरी काम बाकी है, तो उसे तुरंत निपटा लें.

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार, मार्च 2026 में देश भर के अलग-अलग राज्यों में कुल 18 दिन बैंक बंद रहेंगे, वहीं बिहार में करीब 12 दिनों तक कामकाज प्रभावित रहने वाला है. वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन के इस महत्वपूर्ण महीने में छुट्टियों की यह लंबी फेहरिस्त आपकी फाइनेंशियल प्लानिंग को बिगाड़ सकती है.

त्योहारों ने घटाए बैंकिंग के दिन

मार्च में होली से छुट्टियों की शुरुआत हो जाती है. 3 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को होली के कारण बैंक बंद रहेंगे. इसके बाद 21 मार्च को ईद-उल-फितर और 31 मार्च को महावीर जयंती के चलते भी बैंक शाखाओं में ताले लटकेंगे.

त्योहारों की छुट्टियां राज्यवार लागू होती हैं, इसलिए अलग-अलग जिलों में कामकाज प्रभावित होने की अवधि में अंतर भी दिख सकता है. यही वजह है कि ग्राहकों को सलाह दी जा रही है कि बैंक जाने से पहले स्थानीय अवकाश सूची जरूर जांच लें.

वीकेंड ने बढ़ाई परेशानी

त्योहारों के अलावा साप्ताहिक छुट्टियां भी बैंकिंग समय को सीमित कर देंगी. मार्च में पांच रविवार और दूसरा-चौथा शनिवार मिलाकर पहले ही सात दिन बैंक बंद रहेंगे.

चूंकि यह वित्तीय वर्ष का समापन महीना होता है, इसलिए टैक्स, निवेश, लोन या खातों से जुड़े कामों की भीड़ बढ़ सकती है. लगातार छुट्टियों के कारण चेक क्लियरेंस और बड़े लेन-देन में देरी होने की आशंका है.

ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी चालू, पर शाखा काम अटकेगा

बैंक शाखाएं बंद रहने से डिजिटल सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा. एटीएम, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग सेवाएं सामान्य रहेंगी. लेकिन जिन कामों के लिए बैंक शाखा जाना जरूरी होता है.

जैसे लॉकर ऑपरेशन, केवाईसी अपडेट, ड्राफ्ट बनवाना या बड़ी नकद जमा उनके लिए ग्राहकों को पहले से योजना बनानी होगी. विशेषज्ञों का मानना है कि महीने के अंतिम सप्ताह में भीड़ सबसे ज्यादा बढ़ सकती है.

Read more

Local News