Apple Inc. अब भारत में अपनी डिजिटल पेमेंट सेवा Apple Pay शुरू करने की तैयारी में है. इसके लिए कंपनी भारत के कई बड़े प्राइवेट बैंकों से बातचीत कर रही है. ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एप्पल भारत में पेमेंट सर्विस शुरू करने के लिए ICICI Bank Ltd., HDFC Bank Ltd. और Axis Bank Ltd के साथ बातचीत कर रही है. कंपनी की कोशिश है कि 2026 के मध्य तक भारत में Apple Pay को लॉन्च किया जाए.
हालांकि, अभी तक एप्पल ने भारत में अपनी पेमेंट सर्विस की लॉन्च टाइमलाइन तय नहीं की है, लेकिन बातचीत आगे बढ़ने से ऐसा लग रहा है कि अब जल्द ही भारत में लोगों को एप्पल पेमेंट सर्विस के जरिए भी ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा मिलने वाली है. एप्पल इस प्लान के लिए ग्लोबल पेमेंट नेटवर्क कंपनियों Mastercard Inc. और Visa Inc. से भी बात कर रही है.
एप्पल ने इस पर आधिकारिक तौर पर कोई भी कमेंट करने से इनकार कर दिया है. उधर, एप्पल जिन बैंकों से बातचीत कर रहा है, उन बैंकों की ओर से भी अभ तक कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है. भारत में Apple Pay आने पर यह भारत की सरकार द्वारा समर्थित डिजिटल पेमेंट सिस्टम यूपीआई को भी सपोर्ट करेगा. यूपीआई का संचालन नेशनल पेमेंट्स कॉरपेशन ऑफ इंडिया (National Payments Corporation of India) करती है.
यूपीआई के जरिए लोग तुरंत पैसे ट्रांसफर और बिल पेमेंट्स कर सकते हैं और फिलहाल यह भारत के डिजिटल पेमेंट मार्केट में सबसे आगे है. भारत में पहले ही गूगल की पैरेंट कंपनी Alphabet Inc. की पेमेंट सर्विस Google Pay, Walmart Inc. के नियंत्रण वाली PhonePe और अमेज़न का Amazon Pay और Paytm जैसी कंपनियां ऑनलाइन पेमेंट के क्षेत्र में काफी एक्टिव सर्विस देती हैं.
ऐसे में Apple Pay की एंट्री के बाद भारत की ऑनलाइन पेमेंट मार्केट में कंप्टीशन और बढ़ जाएगा. इसका असर अभी से दिखना शुरू हो चुका है, क्योंकि एप्पल पेमेंट सर्विस की एंट्री न्यूज़ आने के बाद ही Paytm की पैरेंट कंपनी के शेयरों में गिरावट भी देखी गई. Apple Pay फेस आईडी या टच आईडी के जरिए सुरक्षित भुगतान की सुविधा देता है. भारत के केंद्रीय बैंक ने भी हाल में बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन को डिजिटल पेमेंट में अनुमति दी है, जिससे एप्पल को अपने सिस्टम के साथ तालमेल बैठाने में मदद मिल सकती है.
भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते डिजिटल पेमेंट बाजारों में से एक है. देश में 75 करोड़ से ज्यादा स्मार्टफोन यूजर्स हैं और सस्ता मोबाइल डेटा इसकी बड़ी वजह है. एप्पल का स्मार्टफोन बाजार में हिस्सा अभी करीब 10% है, लेकिन कंपनी यहां मैन्युफैक्चरिंग और रिटेल नेटवर्क तेजी से बढ़ा रही है. हाल ही में उसने मुंबई में अपना छठा स्टोर खोला है.


