अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने इंग्लैंड के रिचर्ड पायबस को अफगानिस्तान की पुरुष नेशनल टीम का नया हेड कोच बनाया है. पायबस पूर्व हेड कोच जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे, जिन्होंने T20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद इस पद से इस्तीफा दे दिया था.
बोर्ड ने एक बयान में कहा, ‘अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) को रिचर्ड पायबस को अफगानिस्तान नेशनल टीम का हेड कोच बनाने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है. वह मार्च में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज से पहले अफगान टीम से जुड़ेंगे.’
रिचर्ड पायबस के पास कोचिंग का लंबा अनुभव है. वह तीन बार ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने वाले हेड कोच और क्रिकेट डायरेक्टर हैं, जिन्होंने टीमों में हाई-परफॉर्मेंस सिस्टम बनाने में अहम भूमिका निभाई है.
रिचर्ड पायबस का कोचिंग करियर
इससे पहले पायबस ने 2013 और 2019 के बीच वेस्ट इंडीज क्रिकेट टीम के लिए हेड कोच, डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और हेड ऑफ हाई परफ़ॉर्मेंस के तौर पर काम किया था. उस दौरान, वेस्टइंडीज ने 2016 में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था.
इसके अलावा पाइबस ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को भी कोचिंग दी और उन्हें 1999 के ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचाया, जहां वे ऑस्ट्रेलिया से हार गए थे. उन्होंने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के साथ एक सीनियर लीडरशिप रोल भी निभाया है और साउथ अफ्रीकी घरेलू और फ्रैंचाइजी क्रिकेट में काफी सफलता हासिल की, जिसमें 9 चैंपियनशिप टाइटल जीते, जो एक नेशनल रिकॉर्ड है. उन्हें दो बार साउथ अफ्रीकन क्रिकेट कोच ऑफ द ईयर चुना गया.
प्लेयर डेवलपमेंट के लिए मशहूर, पाइबस ने मोहम्मद रिजवान, फाफ डू प्लेसिस और डेल स्टेन जैसे बड़े क्रिकेटरों के साथ मिलकर काम किया है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान का प्रदर्शन
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को चल रहे T20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज से चौंकाने वाली हार का सामना करना पड़ा. टीम पहले राउंड में चार में से सिर्फ दो मैच जीत पाई और न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका से हार गई. जिसमें एक डबल सुपर ओवर में हार भी शामिल है.


