साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की शादी के कार्यक्रम बुधवार से उदयपुर में शुरू हो रहे हैं. लग्जरी होटल मोमेंटोस एकाया इस हाई-प्रोफाइल वेडिंग का मुख्य स्थल बना हुआ है, जिसे खास तौर पर फूलों और रोशनी से भव्य तरीके से सजाया गया है. शादी के कार्यक्रमों की शुरुआत मेहंदी समारोह से होगी, जिसमें परिवार और करीबी मेहमान शामिल होंगे. इसके बाद शाम को संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें दोनों परिवारों की ओर से खास परफॉर्मेंस भी देखने को मिल सकती है.
जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह समारोह संपन्न होगा. इस दौरान सीमित संख्या में करीब 200 मेहमान ही शामिल होंगे, जिनमें परिवार के सदस्य, करीबी दोस्त और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चुनिंदा लोग शामिल रहेंगे. शादी में शामिल होने के लिए फिल्म निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा भी उदयपुर पहुंच चुके हैं. वांगा ने फिल्म अर्जुन रेड्डी से निर्देशन की शुरुआत की थी, जिसमें विजय देवरकोंडा ने मुख्य भूमिका निभाई थी. इसके अलावा, शादी की रस्मों को पूरा कराने के लिए दक्षिण भारत से विशेष पंडित भी बुलाए गए हैं. मेहमानों के लिए खान-पान की खास व्यवस्था की गई है. इसमें साउथ इंडियन और पंजाबी व्यंजनों के साथ जापानी डिशेज भी शामिल किए गए हैं
होटल में सजावट के लिए हल्के हरे रंग की थीम, ताजे फूलों और प्रीमियम टेबल सेटअप का उपयोग किया गया है, जो आयोजन को शाही रूप दे रहा है. इससे पहले 23 और 24 फरवरी को प्री-वेडिंग कार्यक्रम आयोजित किए गए थे. इन कार्यक्रमों में पूल पार्टी, डिनर और एक फ्रेंडली क्रिकेट मैच भी खेला गया, जिसे ‘VIROSH प्रीमियर लीग’ नाम दिया गया. विवाह के बाद 3 और 4 मार्च को हैदराबाद में ग्रैंड रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें साउथ और बॉलीवुड इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है. यह रिसेप्शन बंजारा हिल्स की किसी प्रीमियम लोकेशन पर आयोजित किया जा सकता है.


