पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर 8 का पहला मैच बारिश की वजह से रद्द करना पड़ा. जिससे ग्रुप 2 में दोनों टीमों को एक-एक पॉइंट शेयर करना पड़ा. जो कि पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए रुकावट बन सकता है
अगर मैच शुरू हो जाता और पाकिस्तान न्यूजीलैंड को हरा देता, तो सुपर 8 स्टेज में उनके नाम दो पॉइंट्स के साथ अच्छी शुरुआत होती. लेकिन सलमान आगा की टीम के पास अब टॉप-2 में जगह बनाने और सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए सिर्फ दो मैच बचे हैं.
पाकिस्तान को अपने अगले दो सुपर 8 मैचों में दो बार के चैंपियन इंग्लैंड और को-होस्ट श्रीलंका का सामना करना है. अगर वो दोनों मैच जीत जाते हैं, तो वे ज्यादा से ज्यादा पांच पॉइंट तक पहुंच जाएंगे, जो उन्हें सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए काफा होगा.
हालांकि, अगर बाकी बचे मैचों में से कोई भी इसी तरह बारिश की भेंट चढ़ जाता है या हार मिलती है, तो पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदें गंभीर खतरे में पड़ सकती हैं. फिर उन्हें ग्रुप के दूसरे मैचों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा, साथ ही अच्छा नेट रन रेट बनाए रखना होगा, क्योंकि अगर दो टीमें बराबर पॉइंट शेयर करती हैं तो फिर रन रेट बहुत जरूरी होगा.
अगर पाकिस्तान इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ अपने बाकी बचे दोनों मैच हार जाता है, तो वे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे. पाकिस्तान की तरह, न्यूजीलैंड को भी अपने दोनों मैच जीतने होंगे अगर उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर हुए बिना सेमीफाइनल में पहुंचना है.
दूसरा मैच इंग्लैंड से
पाकिस्तान का सुपर 8 में दूसरा मैच मंगलवार 24 फरवरी को पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा. टी20 में हैरी ब्रूक की टीम के खिलाफ उनका रिकॉर्ड खराब है. पाकिस्तान ने T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अभी तक इंग्लैंड को नहीं हराया है, उसका हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 0-3 है. कुल मिलाकर, दोनों टीमों के बीच 31 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें पाकिस्तान ने सिर्फ 9 गेम जीते हैं, जबकि इंग्लैंड 21 मैचों में जीता है.
तीसरा मैच श्रीलंका से
हालांकि, 2009 के चैंपियन का अपने एशियाई समकक्ष श्रीलंका के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड है, जिसका सामना वे 27 फरवरी को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में करेंगे. पाकिस्तान ने दोनों टीमों के बीच खेले गए 24 गेम में से 14 जीते हैं और 2014 T20 वर्ल्ड कप चैंपियन के खिलाफ दस मैच हारे हैं.


