Friday, February 20, 2026

सोना ₹1,56,134 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया.

Share

वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध जैसी परिस्थितियों ने सर्राफा बाजार में आग लगा दी है. शुक्रवार को घरेलू वायदा बाजार (MCX) में सोने की कीमतों में ₹1,315 की बड़ी बढ़त दर्ज की गई, जिसके बाद सोना ₹1,56,134 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने ने ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाते हुए 5,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर लिया है.

ट्रंप की चेतावनी से बढ़ा बाजार में डर
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस तेजी का मुख्य कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को दिया गया अल्टीमेटम है. ट्रंप ने तेहरान को चेतावनी दी है कि वह 10 दिनों के भीतर अपने परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करे, अन्यथा उसे गंभीर परिणामों का सामना करना होगा. इस बयान के बाद पश्चिम एशिया में अनिश्चितता का माहौल है, जिससे निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के रूप में सोने का रुख किया है.

बाजार के आंकड़े: रिकॉर्ड कारोबार
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 0.85 प्रतिशत की मजबूती के साथ ₹1,56,134 पर ट्रेड करता दिखा. इस दौरान 7,355 लॉट का बड़ा कारोबार हुआ. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार (Comex) में सोना 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,046.95 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. जानकारों का कहना है कि यह केवल एक आर्थिक उछाल नहीं है, बल्कि ‘जियोपॉलिटिकल रिस्क प्रीमियम’ है जो कीमतों को ऊपर धकेल रहा है.

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के कमोडिटी रिसर्च हेड, हरीश वी. ने कहा, “अमेरिका-ईरान तनाव ने सुरक्षित निवेश की मांग को चरम पर पहुंचा दिया है. हालांकि, डॉलर की मजबूती और ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदें कीमतों की बढ़त पर अस्थायी लगाम लगा सकती हैं, लेकिन युद्ध के बढ़ते खतरे सोने को और ऊपर ले जा सकते हैं.”

ऑगमोंट की रिसर्च हेड रेनिशा चैनानी के मुताबिक, केवल मध्य-पूर्व ही नहीं, बल्कि रूस-यूक्रेन शांति वार्ता में आ रहे अवरोधों और मिडिल-ईस्ट में बढ़ती अमेरिकी सैन्य उपस्थिति ने भी वैश्विक अनिश्चितता बढ़ाई है.

निवेशकों के लिए सलाह
बाजार के जानकारों का मानना है कि जब तक कूटनीतिक स्तर पर तनाव कम नहीं होता, सोने में तेजी जारी रह सकती है. हालांकि, मौजूदा उच्च स्तरों पर मुनाफावसूली की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. आम खरीदारों के लिए अब शादी-ब्याह के सीजन में सोना खरीदना काफी महंगा साबित होने वाला है.

Read more

Local News