पलामू: जिला एसपी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया एकाउंट बनाने का मामला सामने आया है. जिसके बाद कई लोगों को मैसेज भेजा गया जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ है. पलामू एसपी रीष्मा रमेशन के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है. इसके बाद पलामू पुलिस ने पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की है.
पहले भी डीसी के नाम से बनाया गया था फर्जी अकाउंट
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाने वाले की पहचान की कोशिश की जा रही है. मामले में कानूनी कार्रवाई भी शुरू की गई है. दरअसल पलामू एसपी के नाम पर एक प्राइवेट नंबर से व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है. उस नंबर से कई अधिकारी और अन्य लोगों को मैसेज किया गया था. पलामू में इससे पहले दो बार डीसी के नाम पर भी फर्जी सोशल अकाउंट बनाया गया था.
जांच के दौरान पुलिस को इस बात की जानकारी मिली थी कि बिहार के एक व्यक्ति के द्वारा फर्जी अकाउंट बनाया गया था. जिस व्यक्ति ने फर्जी अकाउंट बनाया था, वह हाई सिक्योरिटी वाले मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था. उस दौरान फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाने वालों ने फर्जी नाम पर सिम कार्ड लिया था. सिम बिहार के सुपौल के ग्रामीणों के नाम पर था. दोनों मामले में पलामू में अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थी. पलामू एसपी के नाम पर पहली बार फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाया गया है. फर्जी अकाउंट को लेकर पुलिस जांच कर रही है.


