बोकारोः शहर में बच्चा चोरी की अफवाह का शिकार कुछ अन्य लोग आ गये. गुस्से में भड़के स्थानीय लोगों ने उत्तर प्रदेश से आई एक गाड़ी को निशाना बनाया और उसमें बैठे लोगों की पिटाई कर दी. पुलिस की तत्परता से उनकी जान बची और उन्हें सुरक्षा मिली.
बच्चा चोरी का आरोप लगाकर भीड़ ने बेरहमी से जमकर साधुओं की पिटाई कर दी. उत्तर प्रदेश से आए साधु भीड़ से गुजारिश करते रहे कि हम लोग मांगने खाने वाले हैं लेकिन भीड़ ने इनकी एक न सुनी और उनके साथ जमकर मारपीट हुई. बच्चा चोरी के अफवाह ने इन साधु संतों के साथ बेरहमी से पिटाई के बाद उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
चास इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी सुषमा कुमारी ने सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर इन साधुओं को बचाया और सुरक्षित अपने थाना लेकर चली गई. जहां इन साधुओं ने अपनी आपबीती बताई और कहा कि काफी मिन्नत के बाद भी लोग नहीं माने और बुरी तरह से हमारी पिटाई कर दी. इन संतों ने पुलिस का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि पुलिस की टीम नहीं आती तो आज हमलोगों मौत हो जाती.
ये घटना बोकारो जिला के चास थाना क्षेत्र के बंसीडीह की है. जहां यह साधु उत्तर प्रदेश नंबर के बोलेरो वाहन पर सवार थे. यहां इनके साथ मारपीट के साथ ही उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. इस मामले को लेकर स्थानीय महिला ने बताया कि हमारी बच्चियों के साथ यह लोग बात कर रहे थे जब इनसे पूछताछ की गयी तो यह सही बात नहीं बता रहे थे. वहीं उनकी गाड़ी का नंबर प्लेट जब ऊपर वाला हटाया गया तो दूसरा नंबर प्लेट लगा मिला. जिससे लोगों में बच्चा चोर होने का शक गहरा गया और उनके साथ मारपीट की गयी.
वहीं चास डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बच्चा चोर के अफवाह में उत्तर प्रदेश से आए इन साधुओं के साथ भीड़ द्वारा बच्चा चोरी करने की बात कह कर उनकी पिटाई कर दी गई है. पुलिस तत्काल सूचना पाकर वहां पहुंची और इनको भीड़ से निकालकर थाना लाई है, पूछताछ के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी. हालांकि इस मामले में चास एचडीपीओ प्रवीण सिंह ने कहा कि एक दिन पहले भी जिला के विभिन्न क्षेत्रों से बच्चा चोरी के नाम पर भीड़ के द्वारा मारपीट की जा रही है. लोग अफवाह से बचें अन्यथा भीड़ में लोगों को चिन्हित कर उनपर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि लोग अफवाह के कारण हिंसक होते जा रहे हैं. इसलिए उन्हें अफवाह के पीछे नहीं भागने की सलाह दी जाती है. लोग कानून अपने हाथ में नहीं लें नहीं तो बाद में गंभीर परिणाम भुगतने पड़ते हैं. ऐसी घटना में सोशल मीडिया का हाथ रहता है पुलिस द्वारा आईटी सेल का निर्माण किया गया है जो सोशल मीडिया पर नजर रख रही है और उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.


